Sonipat: पिस्तौल के बल पर अनाज मंडी के मुंशी से लूट, बाइक पर सवार होकर आए थे तीन नकाबपोश
पीड़ित ने बताया कि बुधवार रात को वह स्कूटी पर सवार होकर घर जाने के लिए नई अनाज मंडी से निकले थे। जब वह महमूदपुर रोड पर पुल के नीचे पहुंचे तो पीछे से बाइक सवार तीन नकाबपोश युवक उनके पास आए। बाइक सवार युवकों ने उनकी स्कूटी को रुकवा लिया।
विस्तार
सोनीपत के महमूदपुर रोड स्थित पुल के नीचे नई अनाज मंडी के मुंशी पर पिस्तौल तान कर बाइक सवार तीन बदमाश नकदी व मोबाइल लूट कर भाग गए। वह देर रात काम खत्म कर स्कूटी पर सवार होकर घर जा रहे थे। पुलिस ने जांच के बाद लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम क्षेत्र में लगे सीसीटीवी खंगाल रही है।
गांव बुसाना निवासी रमेश ने पुलिस को बताया कि वह नई अनाज मंडी में आढ़ती के पास मुंशी हैं। अनाज मंडी में धान की फसल की खरीद का काम चल रहा है। जिसके चलते वह देर रात तक काम करने को मजबूर हैं। बुधवार रात को वह स्कूटी पर सवार होकर घर जाने के लिए नई अनाज मंडी से निकले थे। जब वह महमूदपुर रोड पर पुल के नीचे पहुंचे तो पीछे से बाइक सवार तीन नकाबपोश युवक उनके पास आए। बाइक सवार युवकों ने उनकी स्कूटी को रुकवा लिया।
जिस पर बाइक पर सवार एक युवक ने उन पर पिस्तौल तान दी। उन्होंने उससे रुपये व मोबाइल मांगा। उन्होंने उनसे पांच हजार रुपये और मोबाइल छीन लिया। बदमाश नकदी व मोबाइल लेकर भाग गए। पीडि़त ने पास ही पेट्रोल पंप पर जाकर डायल 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को वारदात की शिकायत दी। मौके पर पहुंची शहर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी के अनुसार
महमूदपुर रोड पर पुल के पास आढ़ती के साथ लूटपाट की सूचना मिली थी। जिस पर जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस बदमाशों का पता लगाने के लिए आस-पास के सीसीटीवी खंगाल रही है। -इंस्पेक्टर नीरज कुमार, प्रभारी, शहर थाना, गोहाना।
डेबिट कार्ड बदलकर खाते से पांच बार में निकाले 1.10 लाख रुपये
सोनीपत के सिविल रोड स्थित सेंट्रल बैंक के एटीएम बूथ में रुपये निकालने गए युवक को झांसे में लेकर डेबिट कार्ड बदलकर 1.10 रुपये निकालने का मामला सामने आया है। युवक के साथ बूथ में मौजूद व्यक्ति ने वारदात को अंजाम दिया। जब पीडि़त घर पहुंचा तो उनके मोबाइल पर रुपये निकालने के मैसेज आए तो उन्हें धोखाधड़ी का पता लगा। उन्होंने पुलिस को अवगत कराने के साथ ही बैंक कस्टमर केयर पर कॉल कर डेबिट कार्ड को बंद कराया।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। गांव न्यात निवासी विकास ने पुलिस को बताया कि वह 28 अक्तूबर को गोहाना के सिविल रोड पर स्थित सेंट्रल बैंक के एटीएम बूथ से पैसे निकालने के लिए गए थे। एटीएम बूथ से उन्होंने आठ हजार रुपये निकाले थे। इस दौरान एटीएम बूथ में पीडि़त के पीछे खड़े व्यक्ति ने उन्हें झांसे में लेकर एटीएम चालू रहने की बात कहकर उन्हें दोबारा से डेबिट कार्ड एटीएम में डालने को कहा।
इस पर पीडि़त ने एटीएम में दोबारा से डेबिट कार्ड डाला और एक हजार रुपये फिर से निकाल लिये। इस दौरान व्यक्ति ने बहाने से उनका डेबिट कार्ड बदल लिया और दूसरा उन्हें दे दिया। जब पीडि़त घर पहुंचे तो पीडि़त के मोबाइल पर 59 हजार 999 रुपये बैंक खाते से निकलने को मैसेज आया। उसके बाद 9 बजे 10 हजार रुपये, 10 हजार रुपये तथा 5 हजार रुपये निकालने का मैसेज आया। उसके बाद खाते से 24999 रुपये निकाले गए। इस तरह से पीडि़त के खाते से 1.10 लाख रुपये निकाले गए। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी व अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अधिकारी के अनुसार
पीडि़त की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही मामले का पटाक्षेप कर दिया जाएगा। -इंस्पेक्टर नीरज कुमार, प्रभारी, शहर थाना गोहाना।