{"_id":"f8e693b69e5006bbc69c31ed20ae6c35","slug":"lakkho-got-most-beautiful-buffalo-award-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"सिंहवा की लक्खो सबसे सुंदर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सिंहवा की लक्खो सबसे सुंदर
अमर उजाला हिसार/ब्यूरो
Updated Tue, 02 Feb 2016 02:15 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सिरसा रोड़ स्थित केंद्रीय भैंस अनुसंधान संस्थान के 32 वें स्थापना दिवस पर भैंस मेला व प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें पद्म विभूषण से सम्मानित हरियाणा किसान आयोग के पूर्व चेयरमैन डॉ. राजेंद्र सिंह पुरोधा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। मेले में हरियाणा व पड़ोसी राज्यों के सैकड़ों किसानों व पशुपालकों ने हिस्सा लिया।
विज्ञापन
इस दौरान भैंस व झोटों की विभिन्न प्रतियोगिताएं हुई। प्रतियोगिता में लगभग 309 पशुओं ने भाग लिया। दुग्ध प्रतियोगिता में 25.493 किलो दूध देने वाली सोरखी के जयसिंह तथा कुरुक्षेत्र के गांव सुनारियां के कर्मवीर को प्रथम पुरस्कार के रूप में 31-31 हजार रुपये की राशि दी गई। 20 से 24 किलो दूध देने वाली भैंसों की श्रेणी में भिवानी के गुजरानी गांव के रामफल और भिवानी के ही भरटाना गांव के रामसिंह की भैंसों को 21-21 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया।
विज्ञापन
तीसरी श्रेणी में 18 से 20 किलो दूध देने वाली 8 भैंसों को 5100-5100 रुपये का पुरस्कार दिया गया। सौंदर्य प्रतियोगिता में सिंघवा के होशियार सिंह की भैंस प्रथम स्थान पर रही। मेले में मशहूर झोटे युवराज के अलावा उमरा गांव का शेरू उमरा और गोहाना का कमांडो नाम का झोटा विशेष आकर्षण का केन्द्र रहे।
विज्ञापन
सात बार की चैंपियन धन्नो की बेटी लक्खो को प्रथम स्थान
हिसार के गांव सिंघवा खास के किसान होशियार सिंह की भैंस लक्खो रानी ने सौंदर्य प्रतियोगिता में पहला स्थान पाया। होशियार सिंह ने बताया कि उसकी सुंदरता का राज उसको दी जाने वाली खुराक और देखभाल है। लक्खो को वे हर रोज 5 किलो चना की चूरी, 5 किलो बिनौला खल, 250 ग्राम सरसों का तेल, 300 ग्राम गुड़ और ढाई किलो गेहूं का दलिया और 100 ग्राम खनिज मिश्रण देते हैं।
दूसरी बार ब्याई लक्खो साढे़ 23 किलो दूध देती है। इसकी कीमत 11 लाख रुपये तक लग चुकी है। लक्खो की मां धन्नो भी इससे पहले सात बार सौंदर्य प्रतियोगिता में चैंपियन बनकर अब संन्यास ले चुकी है। झोटे युवराज के सीमन से पैदा हुई धन्नो की एक दिन की कटड़ी ढाई लाख रुपये की ब्रिकी के लिए एडवांस बुकिंग कर बेच दी है।
गंगा ने बहाई दूध की गंगा
गंगा ने 25 किलो 493 ग्राम दूध देकर दुग्ध प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया। भैंस के मालिक सोरखी निवासी जयसिंह ने बताया कि उनकी भैंस सुबह शाम करीब 12-12 लीटर लस्सी पीने की आदि है। वे उसे हर शाम 200 ग्राम सरसों का तेल पिलाते हैं। इसके अलावा चना, बिनौला, दलिया, हरा चारा आदि डालते हैं। उसके दूध से करीब 1300 रुपये रोजाना कमा लेते हैं। गांव का ही एक व्यक्ति रमेश गंगा के 15 लाख रुपये लगा चुका है। लेकिन वे उसके बच्चे तैयार करना चाहते हैं इसलिए बेचने से इन्कार कर दिया।
9 करोड़ का हुआ युवराज
देश भर में मशहूर झोटा युवराज भी मेले में अपनी चमक बिखेर रहा था। झोटे के मालिक कुरुक्षेत्र के सुनारिया गांव के कर्मवीर ने बताया कि नवंबर में करनाल में आयोजित मेले में मलेशिया के एक व्यापारी युवराज की कीमत 9 करोड़ रुपये लगा चुके हैं लेकिन वे इसे बेचने को तैयार नहीं है। उन्होंने बताया कि यह उनके बेटे जैसा है यदि कोई 20 करोड़ रुपये दे तो भी वे इसे नहीं बेचेंगे।
लगभग 15 क्विंटल वजनी यह झोटा अब तक 13 बार चैंपियन रह चुका है। युवराज को हर रोज 20 लीटर दूध, 7-8 किलो सेब, 5 किलो गाजर, 10 से 12 किलो दाना, खल, चना, छिलका, हरा चारा आदि दिया जाता है और हर शाम 5 किलो मीटर की सैर करवाई जाती है। उनके मुताबिक युवराज की हर रोज मालिश की जाती है।
शेरू उमरा नामक झोटा भी रहा आकर्षण का केन्द्र
उमरा गांव के संजय कोच का झोटा शेरू उमरा भी लोगों के बीच आकर्षण का केन्द्र रहा। शेरू के सीमेन से महीने की लगभग 70-80 हजार की कमाई करने वाले संजय ने बताया कि हमारा शेरू किसी युवराज से कम नहीं है। वे अपने 4 साल के शेरू को प्रतिदिन 10 किलो दूध, 10 किलो चाट में चना, खल, बिनौले, मक्का, बाजरे के अलावा बादाम और हरा चारा देते हैं। शेरू की हर रोज मालिश भी की जाती है।
5100 रुपये का पुरस्कार पाने वाली भैंस
हिसार निवासी वजीर की चार भैंस, लितानी निवासी सुखबीर की भैंस, सिंहवा निवासी अशोक कुमार की भैंस, उमरा निवासी सुरजीत मलिक की भैंस, करनाल के असंध निवासी वीरेंद्र की भैंस को 5100 रुपये का पुरस्कार दिया गया।
सेल्फी लेते रहे युवा
भैंस मेले में आई भैंस तथा झोटे सेलिब्रिटी से कम नहीं थे। बड़ी संख्या में गांव के युवक युवराज, मोती, शेरू, कमांडो सहित अन्य झोटों के साथ सेल्फी लेते नजर आए। इसके बाद इसे व्हाटसअप तथा फेसबुक के जरिए सोशल मीडिया पर शेयर भी किया गया।
विजेताओं ने अधिकारियों को दिए रिटर्न गिफ्ट
पुरस्कार पाने वाली भैंस के मालिकों ने मुख्य अतिथि को रिटर्न गिफ्ट दिया। सोरखी निवासी जय सिंह ने सीआईआरबी को हुक्का भेंट किया। मुर्राह ब्रीड एसोसिएशन की ओर से मुख्य अतिथि आरएस पुरोधा, किसान आयोग के सचिव आरएस दलाल, सीआईआरबी के निदेशक डॉ. इंद्रजीत सिंह को शॉल भेंट किया।
भैंस पालकों ने जताया विरोध
भैंसों की सौंदर्य प्रतियोगिता को लेकर कुछ भैंस पालकों ने विरोध जताया। भैंस पालकों ने कहा कि मुक्तसर पंजाब में आयोजित प्रतियोगिता में तीसरे नंबर पर रही भैंस को यहां किसी तरह का इनाम नहीं दिया। मुक्तसर मेले में रिजेक्ट कि गई भैंस को यहां अव्वल घोषित कर दिया।