हिसार। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने धोखाधड़ी से प्लॉट बेचने पर 9 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। एचएसवीपी के भूमि अर्जन अधिकारी की तरफ से पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि प्राधिकरण ने भूमि मालिक राजकुमार, सुरेंद्र कुमार, रमेश सिंह, रामकुमार, जगदीश, महाबीर प्रसाद, गीता देवी, रामी देवी व शांति देवी की 6 कनाल 6 मरले भूमि सेक्टर 16-17 के लिए 16 मार्च 1994 में अवाॅर्ड की थी। इसका इंतकाल प्राधिकरण के नाम हो चुका था। भूमि की मुआवजा राशि 3 लाख 91 हजार 676 रुपये भूमि मालिकों ने हिसार कोर्ट से चेक के माध्यम से वर्ष 1999 में प्राप्त कर ली थी।
इसके बाद भूमि मालिकों ने हाईकोर्ट में भूमि को रिलीज करने की याचिका दायर कर दी थी। इस पर कोर्ट ने 9 जुलाई 2015 को सरकार को आदेश दिया कि संबंधित भूमि को भूमि मालिकों की नियम व शर्तों के साथ रिलीज कर दिया जाए। इसके तहत मुआवजा राशि जमा करने, विकास शुल्क, भूमि उपयोग के साथ रिलीज के आदेश एचएसवीपी कार्यालय से तहसीलदार को भेजे जाते हैं। इसके बाद तहसीलदार एचएसवीपी के नाम से हुए इंतकाल का निरस्त कर उसे भू-मालिक के नाम इंतकाल करने बारे पत्र भेजता है। इस मामले में भूमि मालिकों ने रिलीज आदेश जारी करवाकर तहसीलदार कार्यालय से मिलीभगत कर सीधा इंतकाल 23 अक्टूबर 2017 को अपने नाम दर्ज करवा लिया। इसके बाद उक्त भूमि का बयाना 20 मार्च 2020 को कर दिया। इस तरह से आरोपियों ने इस भूमि का मुआवजा ले लिया और सरकारी संपत्ति को आगे बेच दिया।