हिसार। ब्रिटेन से आए एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर एवं बहुराष्ट्रीय परियोजना में निवेशक मनोज प्रसाद श्रीवास्तव ने कहा कि हिसार में बड़े उद्योगों के विकास की अपार संभावनाएं हैं। दिल्ली, पंजाब व राजस्थान के समीपवर्ती होने के कारण विकास की अपार संभावनाएं दिखाई दे रही हैं। वे प्रदेश सरकार के विशेष आग्रह पर यहां निवेश की संभावनाओं को तलाशने के लिए आए थे और उन्होंने सोमवार को एयरपोर्ट पर स्थानीय विधायक डॉ. कमल गुप्ता के साथ बैठक कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
मनोज प्रसाद श्रीवास्तव ने बताया कि यहां बहुराष्ट्रीय उद्योगों के विकास की अपार संभावनाएं हैं। 17000 एकड़ राजकीय भूमि उपलब्ध होने के कारण यहां उद्योगों के विकास के लिए सकारात्मक स्थिति उत्पन्न होती है। आज से 20 वर्ष पहले विकास का जो मॉडल दुबई में देखा था, उससे भी कहीं बढ़कर आने वाले भविष्य में यहां देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि हिसार एयरपोर्ट के विकास में वे अपना पूरा सहयोग देंगे। इस मौके पर विधायक डॉ. कमल गुप्ता ने अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निर्माण कार्यों का निरीक्षण भी किया। डॉ. गुप्ता ने कहा कि हिसार के एकीकृत विमानन केंद्र के दूसरे चरण के सभी कार्यों को पूरा करने की समय सीमा 2024 निर्धारित की गई है, तब यहां दिल्ली के विमानों को भी उतारा जा सकता है। इससे दिल्ली का ट्रैफिक भी कम होगा। डॉ. गुप्ता ने बताया कि केंद्र सरकार की मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क के निर्माण से भी हिसार शहर के विकास व अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के विकास को गति मिलेगी। बैठक में एयरपोर्ट के अधिकारी जेपी मोरंग व डॉ. मंजू दूहन, भाजपा के सुरेश गोयल धूपवाला, मार्केट कमेटी हिसार के पूर्व चेयरमैन महावीर जांगड़ा और पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रकाश अग्रवाल भी उपस्थित रहे।