{"_id":"67115f2954211b6fda0a9c63","slug":"haryana-barwala-s-share-in-power-after-28-years-hisar-vacant-ranbir-gangwa-becomes-minister-2024-10-18","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"Haryana: 28 साल बाद बरवाला की सत्ता में हिस्सेदारी, हिसार खाली, रणबीर गंगवा बने मंत्री","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Haryana: 28 साल बाद बरवाला की सत्ता में हिस्सेदारी, हिसार खाली, रणबीर गंगवा बने मंत्री
Fri, 18 Oct 2024 12:32 AM IST
भूपेंद्र सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी, बरवाला, हिसार (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, बरवाला, हिसार (हरियाणा)
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Fri, 18 Oct 2024 12:32 AM IST
सार
विधायक रणबीर गंगवा के मंत्री बनने पर समर्थकों ने हिसार, बरवाला और नलवा में लड्डू बांटे।
विज्ञापन
रणबीर गंगवा के मंत्री बनने पर लड्डू बांटते समर्थक।
- फोटो : संवाद
विस्तार
हरियाणा के हिसार में बरवाला विधानसभा क्षेत्र को 28 साल बाद सत्ता में हिस्सेदारी मिली है। पंचकूला में गुरुवार को शपथ ग्रहण समारोह में विधायक रणबीर गंगवा को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। हालांकि उनका मंत्रालय अभी तय नहीं किया गया है। गंगवा पिछली सरकार में डिप्टी सीएम थे और नलवा से विधायक चुने गए थे।
विज्ञापन
उधर, गंगवा के मंत्री पद की शपथ लेते ही उनके हलके के अलावा हिसार व नलवा में समर्थकों-कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर फैल गई। इससे पहले चौधरी भजनलाल की सरकार में बरवाला से विधायक जोगेंद्र जोग 1991 से 1996 तक मंत्री रहे थे।
विज्ञापन
हिसार विधानसभा सीट से करीब दो दशक बाद विधायक को सत्ता में हिस्सेदारी नहीं मिली है। कांग्रेस की सरकार में लगातार दस साल तक सावित्री जिंदल मंत्री रहीं। इसके बाद भाजपा के 2014 से 2024 तक के कार्यकाल में डॉ. कमल गुप्ता मंत्री बनें। हिसार जिले की 7 विधानसभा सीटों पर इस बार कांग्रेस के 3, भाजपा के 3 और एक निर्दलीय विधायक चुना गया है।
विज्ञापन
हालांकि हिसार से निर्दलीय विधायक सावित्री जिंदल ने भाजपा को समर्थन दे दिया है। इससे उम्मीद की जा रही थी कि उनको मंत्री पद मिल सकता है। भाजपा के पहले कार्यकाल में 2014 में नारनौंद और हिसार विधानसभा क्षेत्र को सरकार में हिस्सेदारी मिली थी। 2019 से 2024 के कार्यकाल में भाजपा ने हिसार व नलवा क्षेत्र को सत्ता में हिस्सेदार बनाया। भाजपा की सहयोगी रही जजपा ने उकलाना से विधायक अनूप धानक को मंत्री पद दिया था। 2019 से 2024 में गठबंधन की सरकार में हिसार जिले को दो मंत्रियों व एक डिप्टी स्पीकर का पद मिला था।
मंत्री के आवास पर बधाई देने वालों का लगा तांता
मंत्री रणबीर गंगवा के आवास पर दोपहर दो बजे से ही लोग मिठाई लेकर आने लगे थे। समर्थक उनके बेटे सुरेंद्र गंगवा को बधाई देते हुए खुशी का इजहार कर रहे थे। बरवाला विधानसभा क्षेत्र में मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन रणधीर धीरू ने भी लड्डू बांटे। उन्होंने कहा कि बरवाला में तेजी से विकास कार्य कराए जाएंगे।