हिसार। गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयू) की टीम ने छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित अटल बिहारी विश्वविद्यालय में 17 से 19 जून को हुई ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप में सर्कल कबड्डी में प्रथम स्थान हासिल किया। टीम के विश्वविद्यालय पहुंचने पर सभी खिलाड़ियों व कोच को कुलपति प्रो. बलदेव राज कांबोज ने सम्मानित किया।
कुलपति ने कहा कि खिलाड़ियों को विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से हर संभव सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। खेलों के माध्यम से खिलाड़ियों का शारीरिक व मानसिक विकास होता है। कुलसचिव प्रो. अवनीश वर्मा ने कहा कि इन गतिविधियों में भाग लेने से विद्यार्थियों में व्यक्तित्व का विकास होता है। खेल निदेशक डॉ. एसबी लुथरा ने बताया कि ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप में जीजेयू की टीम से अंकित को बेस्ट कैचर व कर्मजीत को बेस्ट रेडर चुना गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति के ओएसडी डॉ. हरदेव सैनी, कुलपति के सचिव मुकेश कुमार, सहायक खेल निदेशक मृनालिनी नेहरा व मनोज सिवाच, कोच सुशील कुमार बनभौरी, खिलाड़ी मोहित, सुधीर, अंकित, सुनील, अतुल, मोहित कुमार, नीरज, कर्मजीत, कपिल, रवि, साहिल कुमार, सुनील कुमार, राकेश व टीम के कैप्टन साहिल मोर उपस्थित रहे।