हिसार में हादसा: पांच मंजिला रेस्टोरेंट में आग लगने से किशोर जिंदा जला, पांच ने कूदकर बचाई जान
आग लगने से साथ लगती चार दुकानें में भी नुकसान हुआ। दमकल की छह गाड़ियों ने ढाई घंटे में आग पर काबू पाया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिसार शहर की राजगुरु मार्केट स्थित मशहूर रेस्टोरेंट राम चाट भंडार में शॉर्ट सर्किट से मंगलवार सुबह भीषण आग लग गई। पांच मंजिला रेस्टोरेंट में रखे सिलिंडरों व कंप्रेशर के फटने से आग भड़क गई। भीषण आग ने साथ लगती चार दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। रेस्टोरेंट में सो रहा छतरा देव गांव, नेपाल निवासी एक किशोर जिंदा जल गया, जबकि पांच कर्मचारियों ने बिल्डिंग से कूदकर अपनी जान बचाई। दमकल की छह गाड़ियों ने करीब ढाई घंटे में आग पर काबू पाया।
इस मामले में सिटी थाना पुलिस ने दुकान मालिक और कर्मचारियों के बयान दर्ज कर इत्तफाकिया कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह राजगुरु मार्केट में लाइट नहीं थी। सुबह करीब पौने छह बजे लाइट आई। दुकानदारों ने बताया कि अचानक आई लाइट से रेस्टोरेंट राम चाट भंडार के ग्राउंड फ्लोर पर तारों में स्पार्किंग हुई, जिससे साथ लगे लकड़ी के बोर्ड में आग लग गई।
इस दौरान वधवा बूट हाउस के मालिक रामलाल वधवा ने रेस्टोरेंट में लगी आग देखकर आसपास के दुकानदारों को फोन किया। मौके पर मौजूद युवक भविष्य ने मार्केट प्रधान टीनू आहुजा के पास फोन कर घटना से अवगत करवाया। टीनू आहुजा ने तुरंत रेस्टोरेंट मालिक कुलदीप व दमकल विभाग को सूचना दी।
15 मिनट में ही आग पूरी बिल्डिंग में पांचों मंजिल पर फैल गई। भीषण आग साथ लगती चार अन्य दुकानों तक पहुंच गई। दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। बाद में दो और गाड़ियों को मौके पर बुलाया। दमकल की 6 गाड़ियों ने ढाई घंटे में आग पर काबू पाया।
करीब साढ़े आठ बजे आग पर लगभग काबू पाने के बाद दमकल कर्मचारियों ने रेस्टोरेंट में सर्च अभियान चलाया, जिसमें एक 14 वर्षीय किशोर भीम बहादुर का जला हुआ शव बरामद हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। रेस्टोरेंट में सो रहे नेपाल निवासी 5 कर्मचारियों ने छत से कूदकर अपनी जान बचाई।
कूदने से एक कर्मचारी का पैर टूट गया, जबकि अन्य सुरक्षित हैं। आग लगने से राम चाट भंडार को 30 से 40 लाख रुपये एवं अन्य दुकानों को 10-15 लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। जिला अग्निशमन अधिकारी दलबीर सिंह का कहना है कि राम चाट भंडार में आग लगने की सूचना मिलते ही हमारी टीम मौके पर पहुंच गई। करीब ढाई घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। इसके बाद सर्च ऑपरेशन चलाकर एक शव को निकाला गया।
इस संबंध में हमें कोई शिकायत नहीं मिली है। इस मामले में जांच जारी है। लापरवाही मिली तो नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। - लोकेंद्र सिंह, एसपी, हिसार