अग्रोहा। कृषि कानूनों के विरोध में लांधड़ी-चिकनवास टोल पर धरनारत किसानों ने सोमवार को राज्यमंत्री अनूप धानक को खंड कार्यालय में काले झंडे दिखाकर विरोध किया। किसानों ने दावा किया कि विरोध के चलते अनूप धानक को अपना प्रोग्राम जल्दी समाप्त करके वापस जाना पड़ा।
लांधड़ी-चिकनवास टोल पर किसानों का धरना लगातार चल रहा है। धरने का नेतृत्व युवा किसान नेता संदी सिवाच, महावीर पूनिया, अमित ढाका, विजय कुमार पूनिया, संदीप ज्याणी, गोपाल ओढ़ नंगथला ने किया। किसान नेता संदीप सिवाच ने बताया कि हलका उकलाना के विधायक व राज्य मंत्री अनूप धानक ने सोमवार को अग्रोहा खंड कार्यालय में उकलाना हलके के गावों में फॉगिंग मशीनें वितरित करने के लिए पहुंचे थे। जब किसानों को इस बारे में पता लगा तो किसान मौके पर पहुंचे। किसानों ने कार्यालय के बाहर नारेबाजी करते हुए काले झंडे फहराए। कुछ देर बाद मंत्री कार्यक्रम खत्म कर लौट गए। जिसके बाद किसान भी वापस चले गए। उन्होंने कहा कि जब तक कृषि कानून वापस नहीं हो जाते तब तक जेजेपी और बीजेपी के नेताओं को गांव में नहीं घुसने देंगे। मौके पर ईश्वर सिंह, पालाराम प्रजापत गोरखपुर, प्रदीप मलिक, गजे सिंह, बुधराम खासा, बलवंत कालीरावण, बल्लू राम गोरखपुर, राजा जैलदार, मोनू ठस्का, राम सिंह फ्रांसी, अमीलाल मोची, जगदीश जगान आदि उपस्थित रहे।