हिसार। शरद पूर्णिमा के दिन लगने वाले वार्षिक मेले के लिए अग्रोहा धाम को रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से सजाया गया है। देेश भर से आने वाले श्रद्धालुओं के रहने व खाने का विशेष प्रबंध धाम की ओर से किया गया है। हिसार, फतेहबाद से अग्रोहा धाम आने-जाने के लिए फ्री बस सेवा का प्रबंध किया गया है। 20 अक्तूबर को अग्रोहा धाम के ट्रस्टियों की बैठक होगी।
अग्रोहा धाम के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने मंगलवार को अग्रोहा धाम में मेले के सभी प्रबंध का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि अग्रोहा धाम में 20 अक्तूबर को मेले में प्रात से ही कार्यक्रम आरंभ होंगे। सुबह 6 बजे शक्ति सरोवर स्नान, 7 बजे आरती, 8 भव्य कलश यात्रा, 10 बजे छप्पन भोग, 11 बजे ध्वजारोहण व कीर्तन, 2 बजे भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम, खुला अधिवेशन व भंडारे का कार्यक्रम रहेगा। पिछले वर्ष कोरोना के कारण आयोजन नहीं किया जा सका था।