अमर उजाला शिक्षा अभियान: कोरोना में हुई मानसिक परेशानी से उबर रहे हैं विद्यार्थी, स्कूलों में खिल रहे हैं चेहरे
शिक्षकों का कहना है कि स्कूलों में कुछ विद्यार्थी ऐसे भी हैं कि जिनके अभिभावक कोरोना में अपनी जान गवां चुके हैं। माता या पिता को खोने के बाद इनकी उदासी दूर नहीं हो पा रही हैं।
विस्तार
कोरोना महामारी के कारण स्कूल बंद रहने से आमजन घरों में कैद होकर रह गया था। इसका सबसे ज्यादा बुरा असर स्कूली विद्यार्थियों पर पड़ा है। घर पर रहने से विद्यार्थी मानसिक रूप से परेशान हो गए थे, लेकिन अब स्कूल खुलने से विद्यार्थियों के चेहरे की रौनक लौटने लगी है। अभिभावकों ने भी विद्यार्थियों को खुश देखकर राहत की सांस ली है। कोरोना से हुई मानसिक परेशानी से अब विद्यार्थी उभर रहे हैं। स्कूल पहुंच कर उनके चेहरे खिल रहे हैं।
जिला परियोजना संयोजक ने भी स्कूलों में अब सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित करवाने शुरू कर दिए हैं। इसके साथ ही अब स्कूलों में खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करवाई जाएंगी। इसका मुख्य उद्देश्य यह है कि कोरोना काल का तनाव दूर हो सके। परियोजना संयोजक द्वारा नवंबर माह में कला उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मार्च महीने में छात्र प्रतिभा खोज प्रतियोगिता का ऑनलाइन आयोजन किया गया। वहीं शिक्षकों के लिए रंगोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
शिक्षकों का कहना है कि स्कूलों में कुछ विद्यार्थी ऐसे भी हैं कि जिनके अभिभावक कोरोना में अपनी जान गवां चुके हैं। माता या पिता को खोने के बाद इनकी उदासी दूर नहीं हो पा रही हैं। पहले पढ़ने में दिलचस्पी ज्यादा लेते थे लेकिन अब ये विद्यार्थी गुमसुम से रहते हैं।
कोरोना लॉकडाउन के कारण विद्यार्थियों में काफी मानसिक तनाव पैदा हुआ। विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों भी मानसिक परेशान हुए। अब हालात सामान्य हो गए हैं। हमारे कार्यालय की ओर से विद्यार्थियों के मंनोरंजन के लिए कई कार्यक्रम आयोजित करवाए जा चुके हैं। विद्यार्थी भी इन कार्यक्रमों में भाग लेने लगे हैं। - सुरेंद्र कैरो, सहायक जिला परियोजना संयोजक।
कोरोना काल में विद्यार्थी व शिक्षकगण दोनों ही मानसिक तनाव में आए गए थे। इनको तनाव मुक्त करने के लिए जिला परियोजना संयोजक द्वारा छात्रों के लिए कला उत्सव व टेलेंट सर्च तथा शिक्षकों के लिए रंगोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया, ताकि शिक्षक भी तनाव मुक्त होकर खुशी-खुशी से पढ़ा सकें। - सुरेंद्र पाल, सहायक जिला परियोजना संयोजक