हिसार में बदमाशों का आतंक: 25 दिन में 9 मर्डर व 4 जगहों पर फायरिंग, पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन बोले...
हिसार के पुलिस अधिक्षक ने कहा कि पुलिस प्रशासन की तरफ से लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। इस माह जितने भी मामले हुए हैं, उनमें पुलिस ने तेजी कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़कर जेल भिजवाया है।
विस्तार
पिछले 25 दिनों में शहर की कानून व्यवस्था तार-तार हो गई है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जिले में इस माह में अब तक 9 मर्डर हो चुके हैं और 4 जगहों पर फायरिंग की घटनाएं हुई हैं। इनके अलावा चेन स्नेचिंग, हत्या प्रयास और चोरी की घटनाएं भी हुई हैं। हालांकि पुलिस प्रशासन का कहना है कि जितनी भी बड़ी वारदातें हुई हैं, उनमें आरोपियों को काफी कम समय में जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया गया है।
इस माह की शुरुआत में ही 4 अगस्त की सुबह साढ़े 4 बजे शहर के सूर्य नगर में डेयरी संचालक जीवन कुंडू की 10-12 आरोपियों ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। पुलिस प्रशासन पर ढीली कार्रवाई का आरोप लगाते हुए खाप पंचायतें और किसान संगठन सड़काें पर उतर आए थे। इस तरह से इस वारदात की आंच पूरे प्रदेश में फैल गई थी। इसी का नतीजा रहा कि पुलिस ने सभी आरोपियों को वारदात के 20 दिन के अंदर सलाखों के पीछे भेज दिया।
अपराधियों में नहीं दिखा कानून का भय
इस माह में हुईं आपराधिक घटनाओं में अपराधियों में कानून का जरा सा भी भय नजर नहीं आया। तलवंडी रुक्का में तीन युवकों ने घर के बाहर सो रहे बुजुर्ग को तेजधार हथियारों से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। वहीं चंदन नगर में दो आरोपियों ने कार वॉश सेंटर संचालक की गोली मारकर उसकी जान ले ली। इसके अलावा कैमरी रोड पुल के नीचे जरा सी बहसबाजी पर एक युवक की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई।
इस माह में हुईं आपराधिक घटनाएं
- 01 अगस्त-गांव मलापुर में मां व दो बच्चों की डुबोकर हत्या
- 04 अगस्त-शहर के सूर्य नगर में डेयरी संचालक जीवन कुंडू की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या
- 04 अगस्त-मॉडल टाउन में बाइक सवार दो युवकों ने सैर कर रही महिला के कुंडल छीने
- 05 अगस्त-मॉडल टाउन स्थित दयानंद कॉलोनी के बाहर फायरिंग, तीन घायल
- 06 अगस्त-राजगुरु मार्केट स्थित ज्वेलरी शोरूम के चौकीदार पर चाकू से हमला
- 9 अगस्त-12 क्वार्टर एरिया स्थित श्याम नगर में दो घरों से लाखों रुपये के जेवर व नकदी चोरी
- 9 अगस्त-सैनियान मोहल्ले में बंद पड़े मकान से गहने व नकदी चोरी
- 11 अगस्त-गांव हरिकोट में पूर्व सरपंच के घर के बाहर फायरिंग
- 11 अगस्त-आदमपुर में पिता-दादा ने किशोरी की हत्या कर कट्टे में शव डाल नहर में फेंका
- 15 अगस्त-तलवंडी रुक्का में तेजधार हथियारों से हमला कर बुजुर्ग की हत्या
- 17 अगस्त-गांव चंदन नगर में कार वॉश संचालक की गोली मारकर हत्या
- 20 अगस्त-कोर्ट परिसर में गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काणा की गोली मारकर हत्या
- 21 अगस्त-सूर्य नगर निवासी छात्र पर चाकू से हमला
- 23 अगस्त-कैमरी रोड पर पुल के पास युवक की चाकू मारकर हत्या
अधिकारी के अनुसार
पुलिस प्रशासन की तरफ से लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। इस माह जितने भी मामले हुए हैं, उनमें पुलिस ने तेजी कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़कर जेल भिजवाया है। किसी भी मेट्रोपोलिटिन सिटी में घटनाएं होती हैं। हालांकि पुलिस का पूरा प्रयास रहता है कि आपराधिक घटनाएं न हो। इसके लिए जेल से बाहर आए अपराधियों की समय-समय पर चेकिंग भी की जाती है। -सिद्धांत जैन, पुलिस अधीक्षक।