हिसार। पुलिस ने सोसायटी बनाकर ठगी करने के आरोपी रोहतक जिले के बलंभा निवासी कपिल शर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पूछताछ के बाद उससे एक होंडा सीवीसी कार, 20 हजार रुपये और सोसायटी का रिकॉर्ड बरामद किया है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
मामले के अनुसार जवाहर नगर के बिशंबर दयाल ने वर्ष 2017 में पुलिस को दी शिकायत में सांपला निवासी आशीष, मूल रूप से रोहतक जिले के बलंभा एवं हालिया सेक्टर-14 हिसार निवासी कपिल शर्मा, विजय नगर निवासी बरखा भूटानी पर सोसायटी के नाम पर ठगी करने का आरोप लगाया था। उसने शिकायत में बताया था कि इन आरोपियों ने काफी जमाकर्ताओं के पैसे का दुरुपयोग किया और अपने व अपने रिश्तेदारों के नाम से बेमानी संपत्तियां खरीद ली। पीड़ित का आरोप था कि उन्होंने पैसों का गबन करने के बाद जान-बूझकर सोसायटियों को दिवालिया बना दिया और डेढ़ साल से सोसायटी के दफ्तर पर ताला लगाकर गायब हैं। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने करीब 40 करोड़ रुपये भी ज्यादा का गबन किया है। शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी कपिल शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।