हिसार। लाला लाजपत राय पशु-चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास) में बुधवार को संविधान दिवस मनाया। मुख्य कार्यक्रम कुलपति सचिवालय में आयोजित हुआ, जहां कुलपति डॉ. विनोद कुमार वर्मा ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ प्रस्तावना का वाचन करते हुए राष्ट्र और संविधान के प्रति अपनी निष्ठा दोहराई। डॉ. वर्मा ने कहा कि भारत का संविधान केवल विधिक दस्तावेज नहीं, बल्कि राष्ट्र के आदर्शों, मूल्यों और मार्गदर्शक सिद्धांतों का जीवंत आधार है, जो हमें न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व की राह दिखाता है। संविधान दिवस पर सभी विभागों और महाविद्यालयों में समान रूप से शपथ कार्यक्रम आयोजित हुए, जिनमें बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक और विद्यार्थी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संवैधानिक कर्तव्यों के पालन का संकल्प लिया। संवाद