कैमरी रोड पर चार दिन से नहीं हुई पानी की सप्लाई, आठ हजार लोग परेशान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अभी गर्मी ने जोर ही नहीं पकड़ा कि कई कालोनियों में पेयजल आपूर्ति लड़खड़ा गई है। कैमरी रोड स्थित शास्त्री नगर, अमरदीप कालोनी, उमेद विहार कालोनी में पिछले चार दिनों से पानी की सप्लाई नहीं होने से कालोनीवासी पीने के पानी के लिए परेेेशान हो रहे हैं। हाल यह है कि लोगों को पीने के पानी के लिए दो किलोमीटर दूर स्थित हैंडपंप से पानी लाना पड़ रहा है। इन कालोनियों में 8 हजार के करीब आबादी है, जो पानी की सप्लाई न होने से परेशान है। हालात यह हो गए हैं कि दिनभर महिलाएं बाल्टी, मटके उठाए पानी के लिए भटक रही हैं। 28 मार्च से नहर बंदी आरंभ होने के चलते आने वाले दिनों में हालात और भी खराब हो सकते हैं।
टैंकर वालों की हुई चांदी
पानी की सप्लाई न होने के कारण कालोनीवासी टैंकरों से पानी मंगवाने को मजबूर हैं। टैंकर मालिक भी मौके का फायदा उठाकर चांदी कूटने में लगे हैं। सामान्य दिनों में जो पानी के टैंकर 300 से 350 रुपये तक में सप्लाई किए जाते थे। वहीं पानी के टैंकर अब 500 से 800 रुपये में दिए जा रहे हैं।
28 को होनी थी नहरबंद, 21 से ही हुआ पानी बंद
नहर विभाग ने 28 मार्च को नहरबंदी की घोषणा की थी। लेकिन बालसमंद नहर की रूटीन सप्लाई की डेट 21 मार्च होने के कारण उसी दिन पानी की सप्लाई बंद कर दी गई। जिस कारण अगले ही दिन से कैमरी रोड जलघर का टैंक खाली हो गया। और इन कालोनियों में पानी की सप्लाई बंद हो गई।
इधर, चंद्रलोक कालोनी में हो रही गंदे पानी की सप्लाई
आजाद नगर स्थित चंद्रलोक कालोनी में पिछले एक सप्ताह से गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। कालोनी के चंद्रपाल, शेर सिंह, कृष्ण, रामजीलाल, बहादुर सिंह, ललित कुमार, युद्धवीर ने बताया कि कालोनी के करीब 15 घरों में गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। इन लोगों का कहना है कि सीवर जैसे गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। जिस कारण पानी के लिए टैंकर मंगवाकर काम चलाया जा रहा है। कालोनीवासियों का कहना है कि इस बारे में पार्षद नरेंद्र शर्मा को भी शिकायत कर चुके हैं। लेकिन अभी तक इस बात का कोई समाधान नहीं करवाया गया है।