उकलाना मंडी। सनियाना से साहू गांव जा रहे बाइक सवार दो युवक बुधवार देर रात पेड़ से टकराकर खेत में बनी पानी की डिग्गी में गिर गए। चोट लगने के कारण युवक पानी से बाहर नहीं निकल पाए। वीरवार शाम को ग्रामीणों को घटना का पता चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से एक युवक के शव को बाहर निकाल लिया। मृतक की शनाख्त साहू निवासी 20 वर्षीय अमित के रूप में हुई। वहीं, दूसरे युवक गगन की तलाश के लिए पुलिस, दमकल विभाग के कर्मचारी और गोताखोर जुटे हैं। वीरवार देर रात तक युवक का सुराग नहीं लगा पाया।
जानकारी अनुसार साहू निवासी अमित अपने चचेरे भाई गगन के साथ किसी काम से सनियाना गया था। देर रात को दोनों बाइक पर सवार होकर सनियाना से साहू गांव की तरफ आ रहे थे। रात को धुंध होने के कारण बाइक सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकरा गई। जिस कारण दोनों खेत में बनी पानी की डिग्गी में जा गिरे। रात होने के कारण किसी को कुछ पता नहीं चला। वीरवार शाम अमित का शव पानी में उतरन करते दिखा। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि एक युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचा दिया है। वहीं, दूसरे युवक की तलाश जारी है। देर रात तक किश्त के माध्यम से पुलिस का रेस्क्यू अभियान जारी था।