फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Hisar News ›   चंद्रावल के कलाकारों की पुरानी यादों के साथ शुरू हुआ फिल्म फेस्टिवल

चंद्रावल के कलाकारों की पुरानी यादों के साथ शुरू हुआ फिल्म फेस्टिवल

Fri, 08 Dec 2017 12:35 AM IST
Updated Fri, 08 Dec 2017 12:35 AM IST
विज्ञापन
चंद्रावल के कलाकारों की पुरानी यादों के साथ शुरू हुआ फिल्म फेस्टिवल
33 साल पहले बनी हरियाणा की पहली सुपरहिट फिल्म चंद्रावल के कलाकार आए एक मंच पर, यादें की ताजा
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
करीब 33 साल पहले 1984 में बनी कम बजट की हरियाणा की सुपरहिट फिल्म चंद्रावल के कलाकार वीरवार को एक मंच पर पहुंचे। काफी बरसों बाद जब ये कलाकार एक-दूसरे से मिले तो भावुक हो उठे। चंद्रावल फिल्म में विलेन का रोल करने वाले राजू मान ने बताया कि यह बहुत ही कम बजट की थी। टीम वर्क ने खर्चों का पता ही नहीं चलने दिया। कोई रिफ्लेक्टर नहीं होता था। धूप की रोशनी में फिल्म बनाई गई। फिल्म की नायिका ऊषा शर्मा यूनिट पर खुद खाना तक परोसती थीं।
एचएयू में चार दिवसीय हरियाणा इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का शुभारंभ
चार दिवसीय हरियाणा इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (हिफ-2017) के उद्घाटन पर अभिनेता यशपाल शर्मा, डायरेक्टर अश्विनी चौधरी, रामपाल बल्हारा, रघुविंद्र मलिक, प्रशांत शुक्ला, रेखा, लीला सैनी, अनूप लाठर, जगत सिंह जाखड़ की पत्नी सिम्मी एवं राजू मान की मौजूदगी में हुआ। पहले दिन चंद्रावल फिल्म दिखाकर फेस्टिवल का शुभारंभ किया। पुरानी यादों के साथ जब चंद्रावल फिल्म के कलाकार एक मंच पर पहुंचे तो सभी आपस में मिलकर भावुक हो उठे।
विज्ञापन

संस्कृति सोसायटी फॉर आर्ट एंड कल्चरल डेवलपमेंट एवं चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में द्वितीय हरियाणा इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (हिफ-2017) वीरवार को एचएयू के इंदिरा गांधी सभागार में शुरू हुआ। कार्यक्रम के आयोजक एवं डायरेक्टर धर्मेंद्र डांगी, कार्यकारी निर्देशक कंवलजीत मुद्गिल, रामपाल बल्हारा, अर्चना सुहासिनी, राजरानी टीम, दिनेश गोयल, नकुल देव, अरुणेश रोशन वर्मा आदि विशेष रूप से उपस्थित हुए। मंच संचालन रूपम अहलावत, शेखर, अल्पना सुहासिनी, विशाल, पूनम शर्मा एवं नवीन निषाद ने किया।
विज्ञापन
विज्ञापन

मुख्य अतिथि राष्ट्रीय लोकमत समता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राजीव कुमार जायसवाल ने कहा कि हरियाणा के लोग पूरे विश्व के मानचित्र पटल पर अपनी छाप छोड़ रहे हैं। फिल्म क्षेत्र हो या खेल क्षेत्र या फिर धर्म एवं राजनीतिक हर क्षेत्र में हरियाणा के लोगों ने विशिष्ट पहचान बनाई है। इस फिल्म फेस्टिवल के आयोजन से कलाकारों का मनोबल बढ़ेगा।
पंडित लख्मीचंद के जीवन पर बनाऊंगा फिल्म : यशपाल शर्मा
अभिनेता यशपाल शर्मा ने कहा कि फिल्म फेस्टिवल के आयोजन का उद्देश्य हरियाणा में कलाकारों को एक सही राह दिखानी है। उनके भीतर के कलाकारों को जगाना है। भाभी और कई तरह के हास्य प्रसंगों से अपनी छवि वाले कलाकारों को अब और आगे बढ़ना है। एक ऊंचे मुकाम तक जाना है, ताकि हरियाणा की पहचान को भी एक खास सम्मान मिले। इसके लिए वे पंडित लख्मीचंद के जीवन पर आधारित एक फिल्म बनाकर आगाज करेंगे। ऐसे मंचन और फिल्मों के माध्यम से हरियाणवी फिल्मों को बढ़ावा देने का प्रयास करेंगे। समारोह को हरियाणा कला परिषद के सलाहकार संजय भसीन आदि ने भी विशिष्ट अतिथियों ने भी संबोधित किया।
कुएं की पनिहारी, मैं बड़ी दूर तै आया...
हरियाणा लोक संस्कृति की ओर से रंगारंग कार्यक्रम ने उपस्थित जनों का मन मोह लिया। गणेश वंदना के अतिरिक्त वानप्रस्थ आश्रम की ओर से भव्य प्रस्तुति दी गई। हरियाणवी लोक गीत जय-जय वीर हरियाणा, यहां दूध-दही का खाना... ने खूब तालियां बटोरी। सांग कुएं की पनिहारी, मैं बड़ी दूर तै आया... ने बाल-विवाह पर कटाक्ष करते हुए एक सामाजिक संदेश दिया। दोपहर बाद निर्देशक जयंत प्रभाकर की हरियाणवी सुपर हिट फिल्म चंद्रावल एवं अश्विनी चौधरी की फिल्म धूप को बड़े पर्दे पर प्रदर्शित किया गया। चंद्रावल ने एक बार फिर से पुरानी यादें ताजा कर दीं। दर्शकों ने इसे खूब सराहा।
पेंटिंग एवं पुस्तक प्रदर्शनी
शुभारंभ के अवसर पर गैलरी में खास तरह की पेंटिंग एवं पुस्तक प्रदर्शनी का भी लोगों ने अवलोकन किया। डॉ. ज्योत्सना मिहिर की ओर से विभिन्न विषयों पर 18 तरह की खास पेंटिंग लगाई गईं। कला अध्यापक विजेंद्र सिंह ने भी अपनी पेंटिंग्स में हरियाणवी कल्चर को उम्दा तरीके से पेश किया।
50 सर्वश्रेष्ठ फिल्मों का चयन किया
फिल्म फेस्टिवल के लिए 33 देशों से 26 भाषाओं में 183 फिल्मों की प्रविष्टियां प्राप्त हुईं। इनमें 31 फीचर फिल्म, 124 लघु फिल्म, 16 डॉक्यूमेंटरी एवं दो एनीमेशन फिल्में हैं। ज्यूरी द्वारा 50 सर्वश्रेष्ठ फिल्मों का चयन कर प्रदर्शित किया जाएगा। 10 दिसंबर को समापन के मौके पर सर्वश्रेष्ठ फिल्मों एवं विभिन्न कैटेगिरी में अवॉर्ड प्रदान किए जाएंगे।
सिम्मी जाखड़ हुईं भावुक
मंच पर एकत्र चंद्रावल के कलाकारों ने जब अपने विचार एवं यादें साझा कीं तो फिल्म के हीरो रहे दिवंगत जगत सिंह जाखड़ की पत्नी सिम्मी जाखड़ भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम ने उनकी यादें ताजा कर दी हैं। एचएयू परिसर एवं कैंटीन में जगत सिंह से मिलना उन्हें हमेशा याद रहेगा। उनकी लाइन टीचिंग की थी, जबकि जगत सिंह जाखड़ की फिल्मी दुनिया की। विपरीत कॅरिअर के बावजूद उनकी दोस्ती एवं प्यार में कभी कोई बाधा नहीं आई। वे ऐसे पलों को कभी नहीं भूलना चाहतीं।
ऊषा शर्मा ने भेजा वीडियो संदेश
समारोह में उपस्थित न होने का मलाल फिल्म की नायिका ऊषा शर्मा को भी रहा। उन्होंने अपना वीडियो संदेश भिजवाकर समारोह की सफलता के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
यह तो केवल आगाज
अभिनेता यशपाल शर्मा, अश्विनी चौधरी, अनूप लाठर, प्रशांत शुक्ला, लीला सैनी एवं रेखा आदि ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम ने पुराने कलाकारों में एक बार फिर से जान फूंक दी है। उनका प्रयास रहेगा कि यह तो केवल आगाज है। हरियाणा का नाम विश्व के मानचित्र के पटल पर अंकित करेंगे।
हरियाणवी बोली का इंडस्ट्री में जादू
फिल्म चंद्रावल के विलेन राजू मान ने कहा कि पहले बॉलीवुड में हरियाणवी बोली को पसंद नहीं किया जाता था। अब इंडस्ट्री में हरियाणवी बोली का जादू चल रहा है। कई फिल्म और सीरियल इस बोली पर बन चुके हैं। आने वाले समय में इसे अधिक मौका मिलेगा। वहीं प्रदेश के शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा शुक्रवार को फिल्म समारोह में पहुंचेंगे। रामबिलास शर्मा आठ दिसंबर को दोपहर एक बजे एचएयू परिसर में आयोजित हो रहे फिल्म फेस्टिवल में शिरकत करेंगे। मोहम्मद फिल्म के प्रीमियर शो के मुख्यातिथि होंगे।

ये फिल्में दिखाईं
हरियाणवी फिल्म चंद्रावल और कारगिल के युद्ध पर आधारित ओमपुरी की नेशनल अवॉर्ड विजेता फिल्म धूप दिखाई। शॉर्ट फिल्म मम, थ्री लिटिल निंजा, वार और पीस, जुबान, शिला, निकोलस क्रेज, ड्राई एंड्रियन दिखाई गई।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed