फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Hisar News ›   निगम चुनाव: भाजपा के तरकश में तीरों की भरमार, कांग्रेस की निगाहें जिंदल हाउस पर टिकी

निगम चुनाव: भाजपा के तरकश में तीरों की भरमार, कांग्रेस की निगाहें जिंदल हाउस पर टिकी

Sat, 24 Nov 2018 01:59 AM IST
Updated Sat, 24 Nov 2018 01:59 AM IST
विज्ञापन
निगम चुनाव: भाजपा के तरकश में तीरों की भरमार, कांग्रेस की निगाहें जिंदल हाउस पर टिकी

विज्ञापन
हिसार। नगर निगम चुनाव को लेकर संभावित प्रत्याशियों ने अपनी गोटियां फिट करनी शुरू कर दी हैं। जिसको जहां से टिकट मिलने के आसार नजर आ रहे हैं, वह उसी दरबार में हाजिरी लगा रहा है। सबसे अधिक मारामारी मेयर के पद को लेकर है। इस पद के लिए भाजपा के तरकश में तीरों की भरमार है। इस पद के सबसे अधिक प्रत्याशी भी इसी पार्टी के पाले में नजर आ रहे हैं। दूसरी ओर कांग्रेस के खेमे में हलचल शुरू होती दिखाई नहीं दे रही है। परंपरागत तरीके से इस बार भी जिंदल हाउस पर कांग्रेसियों की निगाहें टिकी हुई हैं।
जिंदल हाउस से जिसको आशीर्वाद मिलता है, वही कांग्रेस की ओर से मैदान में होता है। पिछली बार भी शकुंतला राजलीवाला मेयर थीं, जिनको जिंदल हाउस से आशीर्वाद प्राप्त था। इसी प्रकार इनेलो खेमे में भी मेयर पद के लिए संभावित प्रत्याशी तो कई नजर आ रहे हैं, लेकिन पार्टी में फिलहाल कोई हलचल नजर नहीं आ रही है। इनेलो से हाल ही में अलग हुए अजय गुट और आम आदमी पार्टी फिलहाल अपने पत्ते नहीं खोल रहे हैं। वे पहले बैठक करने और फिर उसमें लिए निर्णय लेने के बाद ही उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारने की बात कर रहे हैं।
विज्ञापन

भाजपा से ये हैं संभावित उम्मीदवार
भाजपा से मेयर पद के लिए कई नेताओं के नाम सामने आ रहे हैं। इनमें हनुमान ऐरन, भीम महाजन, गौतम सरदाना और सुभाष मल्होत्रा के नामों की चर्चा चल रही है। हनुमान ऐरन और भीम महाजन पहले इनेलो में थे। दोनों डेढ़ साल पहले भाजपा में शामिल हो गए थे। भीम महाजन ने 2014 का एमएलए का इनेेलो के टिकट पर चुनाव लड़ा था। भीम महाजन वार्ड 5 से पार्षद और डिप्टी मेयर भी थे। इसी तरह हनुमान ऐरन नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन रहे हैं। इनकी पत्नी रेखा ऐरन निगम के वार्ड-20 से पार्षद थीं। करीब एक महीना पहले ही गौतम सरदाना ने भी भाजपा का दामन थामा है। उन्होंने वर्ष 2014 में हजकां से एमएलए का चुनाव लड़ा था। सुभाष मल्होत्रा भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रहे हैं, उनका नाम भी भाजपा प्रत्याशियों की सूची में चल रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

जिंदल हाउस से आशीर्वाद प्राप्त प्रत्याशी संभावित
वैसे तो कांग्रेस में भी कई नेताओं का नाम संभावित प्रत्याशियों में लिया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस के मामले में हिसार की यह परंपरा रही है कि जिसको जिंदल हाउस से आशीर्वाद मिलता है, वही प्रत्याशी के रूप में सामने आता है। पिछली मेयर शकुंतला राजलीवाला वार्ड-12 से जीती थीं और मेयर बनी थीं। उन्हें जिंदल हाउस का आशीर्वाद प्राप्त है। उनके अलावा हेमंत फौगाट हैं, जिनको भूपेंद्र हुड्डा का आशीर्वाद है। बार एसोसिएशन के पूर्व प्रधान रह चुके ओमप्रकाश पौली का नाम भी इनमें शुमार है, लेकिन खास बात यह है कि कांग्रेस से इस बार सरप्राइजिंग कैंडीडेट भी मैदान में नजर आ सकता है।

इनेलो के पास भी लंबी फेहरिस्त
इनेलो के पास भी मेयर पद के लिए प्रत्याशियों की लंबी फेहरिस्त है, लेकिन वह अभी पत्ते नहीं खोल रही है। ऊपर के आदेशों का इंतजार है, जिसके बाद ही चेहरे सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल जिनकी चर्चा अभी चल रही है, उनमें नगर परिषद के चेयरमैन रह चुके रामभगत गुप्ता, राजकुमार आर्य, पूर्ण सिंह डाबड़ा, राजेश गोदारा का नाम सामने आ रहा है। रामभगत गुप्ता इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला के करीबी रहे हैं। इसी प्रकार उनके करीबी राजकुमार आर्य के नाम की भी चर्चा है। इनके अलावा घिराय से पूर्व विधायक पूर्ण सिंह डाबड़ा और आदमपुर से एमएलए का चुनाव लड़ चुके राजेश गोदारा के नाम भी चर्चा में हैं।

अजय गुट और आम आदमी पार्टी पहले मीटिंग करेंगे
इनेेलो से अलग हुए अजय सिंह चौटाला के कार्यकर्ताओं में फिलहाल जींद की मीटिंग का इंतजार है। हालांकि चुनाव मैदान में उतरने के लिए उन्हें मीटिंग से पहले फैसला लेना होगा, क्योंकि छह दिसंबर तक ही नोमिनेशन फाइल किया जा सकता है, जबकि मीटिंग नौ दिसंबर की है। ऐसे में कार्यकर्ताओं के बीच चुनावी मीटिंग पहले कराने को लेकर उत्सुकता है। इसी प्रकार आम आदमी पार्टी भी किसी फैसले पर आने से पहले प्रदेश स्तरीय नेताओं की मीटिंग करेगी और उसके बाद आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल सहित अन्य राष्ट्रीय नेताओं से चर्चा करने के बाद ही अपने पत्ते खोलेगी।

जिन्हें टिकट नहीं, निर्दलीय लड़ सकते हैं चुनाव
इस बार मेयर पद का चुनाव प्रत्यक्ष होने के कारण मेयर बनने के इच्छुक नेताओं की लंबी लाइन होने वाली है। इस बात की भी पूरी चर्चा है कि कुछ नेता जो मेयर पद के लिए पार्टी की टिकट के लिए जोर लगा रहे हैं, यदि उन्हें टिकट नहीं मिलता तो वे निर्दलीय के रूप में चुनाव मैदान में उतर सकते हैं।


प्राथमिक स्तर पर मीटिंग हुई है, जिसमें मजबूत प्रत्याशी तलाशने को बोला गया है। जो भी नाम सामने आएंगे, उन्हें ऊपर भेजा जाएगा। ऊपर से जिसके नाम पर मुहर लगकर आएगी, उसे मेयर पद के लिए प्रत्याशी बनाया जाएगा।
-सुजीत कुमार, भाजपा महामंत्री, हिसार।

वर्जन
जल्द ही अभय चौटाला आएंगे। इनेलो-बसपा की मीटिंग होगी, उसमें निगम चुनाव में प्रत्याशी मैदान में उतारने न उतारने का जो भी फैसला लिया जाएगा, उसी के अनुसार कार्यकर्ता तैयारी करेंगे।

-सतबीर सिसाय, जिलाध्यक्ष, इनेलो


पार्टी की मीटिंग बुलाई जाएगी, उसमें जो निर्णय लिया जाएगा, उसकी संयोजक केजरीवाल के साथ चर्चा की जाएगी। वह जो भी आदेश देंगे, उसी के अनुसार निगम चुनावों के बारे में आगामी रणनीति तैयार की जाएगी।
-वीएल शर्मा, जिलाध्यक्ष, आम आदमी पार्टी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed