Haryana Panchayat Election: छिटपुट घटनाओं के बीच 81.1 प्रतिशत मतदान, नौ जिलों में सरपंच-पंच के भाग्य का फैसला
पंचायती राज चुनाव के दूसरे चरण में शनिवार को नौ जिलों में पंच और सरपंच पद के लिए मतदान हुआ। अंबाला, चरखी दादरी, गुरुग्राम, करनाल, कुरुक्षेत्र, रेवाड़ी, रोहतक, सिरसा और सोनीपत में सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मत पड़े। मतदान संपन्न होने के बाद मतगणना कर रात तक नतीजे घोषित किए गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणावासी ब्लॉक समिति और जिला परिषद के चुनाव के मुकाबले पंच और सरपंच चुनने में अधिक रूचि दिखा रहे हैं। दूसरे चरण के 9 जिलों में शनिवार को 81.1 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। छिटपुट हिंसक घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण रहा। अंबाला, चरखी दादरी, गुरुग्राम, करनाल, कुुरुक्षेत्र, रेवाड़ी, रोहतक, सिरसा, सोनीपत में कुल 12519 सीटों पर 35229 उम्मीदवार के लिए वोट पड़े।
सरपंच के 2555 पदों के लिए 10858 और पंच के 8607 पदों के लिए 18418 उम्मीदवारों में कांटे का मुकाबला रहा। कुल 48 लाख 67 हजार 132 मतदाताओं में से 38 लाख 43 हजार 288 गांवों की सरकार चुनने में भागीदार बने। रात को ही पंच सरपंच के परिणाम घोषित कर दिए गए।
ग्रामीण मतदाताओं का पंच-सरपंच चुनने में ज्यादा उत्साह है। पहले चरण में ब्लॉक समिति और जिला परिषद सदस्यों के लिए 30 अक्टूबर को 71 प्रतिशत मतदान हुआ था और 2 नवंबर को पंच-सरपंचों के लिए 81.9 प्रतिशत वोट पड़े थे। दूसरे चरण में ब्लॉक समिति और जिला परिषद के सदस्यों के लिए 9 नवंबर को 70.3 प्रतिशत रहा था। अब पंच-सरपंचों के लिए 81 फीसदी से अधिक मतदान रहा।
सिरसा में सबसे अधिक सोनीपत में कम मतदान
1. सिरसा 84.6 प्रतिशत
2. कुरुक्षेत्र 83.5 प्रतिशत
3.करनाल 82.0 प्रतिशत
4. गुरुग्राम 81.7 प्रतिशत
5.चरखीदादरी 81.6 प्रतिशत
6.रेवाड़ी 81.1 प्रतिशत
7.अंबाला 80.5 प्रतिशत
8.रोहतक 78.0 प्रतिशत
9.सोनीपत 74.7 प्रतिशत
जिलावार घटनाक्रम
करनाल... निसिंग के गांव फतेगहढ़ में मतदाताओं को शांत करने के लिए पुलिस को रिजर्व पुलिस बल का सहारा लेना पड़ा और महिलाओं से लेकर पुरुषों तक को बस में बैठाकर रखा गया। झगड़ा करने पर 18 नामजद और 15 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घरौंडा के संजयनगर में पूर्व सरपंच की पत्नी के बूथ के अंदर बैठने पर विवाद हो गया। पुलिसकर्मी के साथ झड़प भी हुई। आधा घंटा मतदान रुका रहा।
रोहतक.. लाहली गांव में फर्जी वोट डालने के आरोप में युवक को पुलिस के हवाले किया। पटवापुर में ईवीएम का बटन न दबने पर एजेंट भिड़ गए। बाद में ईवीएम को ठीक किया गया।
रेवाड़ी... गांव कसौली में वोट डालने को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। तीन घायल हुए। गांव लिसाना में बैलेट पेपर पर चुनाव चिह्न का क्रम ऊपर-नीचे होने के कारण मतदान रद्द हो गया है।
अंबाला...जनसुआ गांव में सरपंच पद की प्रत्याशी महिला के पति पर वोटर से पहले खुद बटन दबाने का आरोप लगाते हुए दूसरे प्रत्याशी के समर्थकों ने विरोध किया। एक पक्ष ने रॉड से वार किए गए। दो लोगों को चोटें आई हैं।
सिरसा...गांव अबोली में सुबह करीब पौने दस बजे ईवीएम की बैटरी डाउन होने पर 45 मिनट तक वोटिंग रुकी रही। गदराना में सरपंच प्रत्याशी के घर से 21 लोगों को पकड़ा है। इनमें से एक युवक से अवैध पिस्तौल और चार कारतूस बरामद हुए हैं। आरोप है कि ये लोग माहौल खराब करने की साजिश में थे।
सोनीपत... गांव बड़वासनी में दोपहर के समय ईवीएम में तकनीकी खराबी आने से ईवीएम बदलनी पड़ी। करीब 20 मिनट तक मतदान रुका रहा। गांव गांव रोहणा में बोगस वोट डालने का आरोप लगा ग्रामीणों ने हंगामा किया। 10 मिनट के लिए मतदान रोकना पड़ा। गांव पिनाना में भी बोगस वोट डालने के आरोप में हंगामा हो गया। जांच करने पर आरोप गलत मिले। करीब 5 मिनट के लिए मतदान रोका गया।
सोहना ...नुनेरा गांव में सरपंच पद के प्रत्याशी के घर पीठासीन अधिकारी को नहाने के लिए जाना मंहगा पड़ गया। विपक्ष के लोगों ने उनके घर से निकलते हुए एक वीडियो बना लिया और विरोध प्रदर्शन करने लगे। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस टीम के समझाने पर लोग शांत हुए। लोगों ने मतदान में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया और ईवीएम बदलने की मांग की।
प्रथम चरण में पंच-सरंपच के लिए 2 नवंबर को 81.9 फीसदी रहा था मतदान
1. यमुनानगर - 87.9 प्रतिशत
2. पंचकूला - 86.9 प्रतिशत
3. नूंह - 84.8 प्रतिशत
4. पानीपत - 84.0 प्रतिशत
5.भिवानी - 80.6 प्रतिशत
6. महेंद्रगढ़ - 81.8 प्रतिशत
7. जींद - 80.4 प्रतिशत
8. कैथल - 78.7 प्रतिशत
9. झज्जर - 77.5 प्रतिशत