दूध-दही के लिए प्रसिद्ध हरियाणा में अब बिक रहा नकली खाद्य पदार्थ, 500 में से 171 सैंपल फेल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दूध, दही और घी के लिए मशहूर हरियाणा प्रदेश की दूसरी तस्वीर चिंताजनक है। अब प्रदेश में नकली और मिलावटी घी, मक्खन, तेल समेत अन्य खाद्य पदार्थ बेचे जा रहे हैं। पिछले माह के हरियाणा के खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के आंकड़े इसकी तस्दीक करते हैं।
आंकड़ों के अनुसार, छापे के दौरान हरियाणा के विभिन्न हिस्सों से 500 नमूने जब्त किए गए थे। इन 500 नमूनों में से 171 नमूने खाद्य सुरक्षा और मानकों के अनुसार नहीं मिले और एफएसएस (खाद्य सुरक्षा और मानक) अधिनियम, 2006 के अनुसार मानकों की पुष्टि नहीं की गई थी। 171 नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट के अनुसार खाद्य विश्लेषक ने पाया कि 28 नमूने असुरक्षित, 99 घटिया और 44 मिस ब्रांडेड थे।
विभाग ने इन पर शिकंजा कसते हुए 28 असुरक्षित नमूनों के लिए खाद्य व्यवसाय संचालक के खिलाफ अदालत में मुकदमा किया है। शेष 143 नमूनों में खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के अनुसार अधिकारियों के समक्ष मामले दर्ज कराने की तैयारी है।
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के निर्देश पर चार सदस्यीय टीम का गठन किया गया था और इसके सदस्यों में एक नामित अधिकारी और तीन खाद्य सुरक्षा अधिकारी शामिल हैं। घी, खाद्य तेल, दूध, दूध उत्पादों और अन्य खाद्य लेखों में मिलावट पर नजर रखने के लिए टीम नियमित रूप से हरियाणा के विभिन्न जिलों में विशेष छापेमारी कर रही है।
बड़े पैमाने पर चलाया गया अभियान
खाद्य और औषधि प्रशासन के आयुक्त ललित सिवाच ने बताया कि दूध उत्पादों, मसालों और चाय सरीखे खाद्य पदार्थों पर कड़ी निगरानी रखने के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चलाया गया है। पिछले छह महीनों में 1,62,94,120 रुपये का माल जब्त किया गया है। हाल ही में करनाल से 42 लाख रुपये का 8,400 लीटर घी, 57,41,500 रुपये का 11,483 लीटर देसी घी, हिसार से 15 लीटर शुद्ध घी व 17,000 लीटर वनस्पति का मूल्य 42,50,000 रुपये है जो जब्त किया गया।कहां से क्या पकड़ा गया
वर्ष की शुरुआत में 98 लीटर मिलावटी श्री मदुर रतन देसी घी, 642 लीटर मिलावटी हरियाणा फ्रेश एगमार्क देसी घी, 3,276 लीटर केदार एगमर्ड मिश्रित वनस्पति तेल, 1,145 लीटर हरियाणा फ्रेश एगमार्क देसी घी और श्री गोबिंद एगमार्क देसी घी अम्बाला से 4.58 लाख रुपये मूल्य का जब्त किया गया है। साथ ही कुरुक्षेत्र से 12,97,820 रुपये का 19,645 लीटर मिलावटी घी, मक्खन, सुभम घी, अभिनंदन घी, क्रीम, पामोलिव ऑयल और मिल्क पाउडर जब्त किया गया और करनाल से 3,46,800 रुपये का 1,250 लीटर घी, मक्खन, खाद्य तेल जब्त किया गया।
खाद्य मानकों को बनाए रखना अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह राज्य के लोगों के अच्छे स्वास्थ्य को सुनिश्चित करता है। स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर चार सदस्यीय टीम बनाई गई है, जो लगातार छापेमारी कर रही है। मिलावट करने वालों और नकली खाद्य पदार्थ बेचने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। -राजीव अरोड़ा, एसीएस, स्वास्थ्य विभाग।