फतेहाबाद। गांव बीघड़ में खेत में पानी नाले के विवाद को लेकर दो पक्ष शनिवार देर शाम को आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हवाई फायरिंग करने, मारपीट करने और गाड़ी तोड़ने के आरोप लगाए हैं। हमले में 6 लोग घायल हुए है। जिसमें दो महिलाएं शामिल हैं। घायलों को फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
घायलों में एक पक्ष से गांव बीघड़ निवासी राजबीर, सुंदर, भतेरी, सरला और विष्णु शामिल हैं तथा दूसरे पक्ष से एक व्यक्ति रमेश घायल हुआ है। मामले के मुताबिक पहले पक्ष के पालाराम ने बताया कि शाम को पड़ोसी रमेश ने अपने साथियों के साथ हमला कर दिया। आरोपी रमेश ढाणी में घुस आया और हवाई फायरिंग की। पानी के नाले की सफाई को लेकर विवाद पहले से चल रहा है, इसी रंजिश के चलते हमला किया है। वहीं दूसरे पक्ष के रमेश का कहना है कि करीब पांच-छह दिन पहले आरोपियों ने रास्ता रोककर उनके साथ मारपीट की थी। शनिवार को भी जब वह गुजर रहा था तो पहले पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया।