{"_id":"651a8a87a39d082d9a0049ad","slug":"troubled-by-problem-of-sewer-blockage-due-to-dairies-in-fatehabad-people-burnt-the-effigy-of-minister-2023-10-02","type":"story","status":"publish","title_hn":"फतेहाबाद: डेयरियों के कारण सीवर ब्लॉक होने की समस्या से परेशान लोगों ने फूंका पंचायत मंत्री का पुतला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
फतेहाबाद: डेयरियों के कारण सीवर ब्लॉक होने की समस्या से परेशान लोगों ने फूंका पंचायत मंत्री का पुतला
Mon, 02 Oct 2023 02:46 PM IST
नवीन दलाल
संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद (हरियाणा)
Published by: नवीन दलाल
Updated Mon, 02 Oct 2023 02:46 PM IST
सार
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकारी नियमों के अनुसार शहर में डेयरियां नहीं होनी चाहिए। डेयरियों को शहर से बाहर शिफ्ट किया जाना चाहिए। मगर टोहाना नगर परिषद के अधिकारी इस संबंध में कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। डेयरी संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करने पर भी नगर परिषद के अधिकारी कोई रुचि नहीं ले रहे हैं।
विज्ञापन
लोगों का प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
टोहाना शहर के वार्ड नंबर 11 में डेयरी से निकलने वाले गोबर से सीवर ब्लॉक होने की समस्या से परेशान लोगों ने शहर के वाल्मीकि चौक पर प्रदर्शन किया। इस दौरान गुस्साए लोगों ने सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारी सुनीता, मनोज, विक्की, दीपक, राजेश, सोनू, सुनीता व सरोज ने बताया कि वार्ड नंबर 11 में पशुपालकों द्वारा भैसों की डेयरी बनाई हुई है।
विज्ञापन
डेयरी से निकलने वाला गोबर नालियों में फेंक दिया जाता है। इससे क्षेत्र में सीवर ब्लॉक हो जाते हैं। ब्लॉक सीवर के चलते सारा गंदा पानी रोड पर उनके घरों के बाहर आ जाता है, जिससे बीमारियां फैल रही है। उन्होंने बताया कि उन्हें आए दिन बच्चों के इलाज के लिए हजारों रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। इस समस्या को लेकर पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली और टोहाना के एसडीएम प्रतीक हुड्डा से भी मिल चुके हैं, लेकिन अभी तक डेयरियों पर कोई पाबंदी नहीं लगी है।
विज्ञापन
नियमानुसार शहर में नहीं होनी चाहिए डेयरी
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकारी नियमों के अनुसार शहर में डेयरियां नहीं होनी चाहिए। डेयरियों को शहर से बाहर शिफ्ट किया जाना चाहिए। मगर टोहाना नगर परिषद के अधिकारी इस संबंध में कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। डेयरी संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करने पर भी नगर परिषद के अधिकारी कोई रुचि नहीं ले रहे हैं। इस कारण उन्हें मजबूर होकर विरोध प्रदर्शन करना पड़ा है। प्रदर्शनकारियों ने ऐलान किया कि जब तक समस्या का समाधान नहीं होगा, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।
विज्ञापन
एक सप्ताह पहले भी की थी रोड जाम
वार्ड नंबर 11 के लोगों ने एक सप्ताह पहले 23 सितंबर को भी वाल्मीकि चौक पर रोड जाम करके प्रदर्शन किया था। उस समय नगर परिषद के ईओ संदीप सोलंकी ने आश्वासन दिया था कि दो दिन बाद डेयरी संचालकों पर कार्रवाई होगी। मगर एक सप्ताह बीतने के बाद भी न डेयरी संचालकों पर कार्रवाई हुई है और न ही सीवर ब्लॉक की समस्या का समाधान करवाया गया है।