भूना। इनेलो महिला प्रदेश प्रभारी सुनैना चौटाला ने कहा कि मूसलाधार बारिश के बाद नहला गांव में जलभराव से किसानों की फसलें बर्बाद हो गई हैं और जीवनयापन पर संकट गहराता जा रहा है। खेतों और रास्तों में पानी भर जाने से ग्रामीणों की दिनचर्या प्रभावित है, जबकि प्रशासन की ओर से राहत कार्य शुरू नहीं किए गए हैं।
वे बुधवार को ट्रैक्टर पर सवार होकर गांव नहला पहुंचीं। उन्होंने डूबी फसलों का निरीक्षण कर किसानों से मुलाकात की और सरकार पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि हर किसान की धान और जीरी की फसल पूरी तरह नष्ट हो चुकी है। ग्रामीणों के कच्चे-पक्के घर भी बारिश से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। बावजूद इसके सरकार ने किसानों को उनके हाल पर छोड़ दिया है। गांव के सरपंच और युवा स्वयं राहत कार्य कर रहे हैं। जलभराव से बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है, इसलिए मेडिकल कैंप लगाए जाएं और बिजली-पानी की व्यवस्था तुरंत सुचारू की जाए। इस मौके पर सरपंच कृष्ण कुमार ढिल्लों, पूर्व सरपंच प्रतिनिधि कुलदीप सिंह ढिल्लों, अंगद वीर ढिंगसरा, संदीप ताखर, शिवकुमार आदि मौजूद रहे।