टोहाना। महेंद्रगढ़ के कनीना में हुए बस हादसे के बाद प्रशासन की संयुक्त टीमों द्वारा टोहाना के चार निजी स्कूलों में जाकर 43 बसों की जांच की गई। स्कूल संचालकों काे निर्देश दिया गया कि सरकार के नियमानुसार अपने कागजातों को पूरा करें ताकि कोई समस्या न आए। यदि कोई भी कमी मिलती है तो स्कूल बसों को जब्त भी किया जाएगा। जांच टीम में शिक्षा विभाग, ट्रैफिक पुलिस, आरटीओ कार्यालय के कर्मचारी शामिल रहे।
जांच के दौरान बसों के कागजात चेक करने के अलावा उनमें सीसीटीवी, फर्स्ट एड बाॅक्स, अग्निशमन यंत्र व जीपीएस सिस्टम को जांचा गया। बीईओ रामरत्न के अनुसार बसों में जांच के दौरान 90 प्रतिशत हालात ठीक पाए गए हैं। कुछ बस का रंग पीला नहीं होने, स्कूल का नाम नहीं लिखा होना, कैमरे के तार ठीक न होने, सफाई की दिक्कत मिली है, उन्हें ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि केएम सरस्वती स्कूल की 18 बस, मॉडल केएम स्कूल की 16, एसवीएम स्कूल की तीन और डीएवी स्कूल की छह बसों की जांच की गई है। जगदीश कुमार ने बताया कि स्कूल संचालकों से शपथ पत्र लिया जाएगा, जिसमें उनकी हर रूट पर चलने वाली बसों की सूची मांगी जाएगी। जो स्कूल विभाग को शपथ पत्र देगा, उसकी बसें रूट पर चलेंगी। उसके अलावा कोई भी स्कूल की बस चलती हुई पाई जाती है तो उस बस को जब्त किया जाएगा।