फतेहाबाद। कॉटन कार्पोरेशन ऑफ इंडिया (सीसीआई) द्वारा अभी तक फतेहाबाद जिले में नरमा खरीद शुरू न किए जाने के विरोध में वीरवार को सिरसा रोड स्थित नई अतिरिक्त अनाजमंडी में किसानों ने जमकर प्रदर्शन किया और अधिकारियों पर मनमानी के आरोप लगाते हुए मंडी परिसर में धरना दिया। धरने की अध्यक्षता भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष बंटी गढ़वाल ने की। धरने की सूचना मिलते ही सीसीआई के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जल्द ही नरमा खरीद शुरू करवाने का आश्वासन दिया तो जाकर किसानों ने धरना समाप्त किया।
इस अवसर पर भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष बंटी गढ़वाल ने बताया कि सरकार ने नरमा का समर्थन मूल्य 5450 रुपये निर्धारित किया हुआ है। किसानों का नरमा कॉटन कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया द्वारा खरीदा जाता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की कई मंडियों में पिछले काफी समय से नरमा की फसल की खरीद शुरू हो चुकी है, लेकिन फतेहाबाद में अब तक नरमा की खरीद शुरू नहीं की गई है। जिससे किसानों को काफी परेशानी हो रही है। इस संबंध में किसान डीसी धीरेन्द्र खडग़टा से भी मिले थे। 5 नंवबर को डीसी धीरेन्द्र खडग़टा ने भी सीसीआई के अधिकारियों को नरमा खरीद के सख्त आदेश दिए थे। इसके बाद मार्केट कमेटी ने भी सीसीआई को नरमा खरीद के संबंध में मेल भेजी थी, लेकिन फिर भी उनकी नरमा की खरीद आरंभ नहीं हुई है। बंटी गढ़वाल ने बताया कि किसान अपनी नरमा निजी लोगों को कम दामों में नहीं बेचेंगे। उनको नरमा का पूरा समर्थन मिले और जल्द से जल्द नरमा की खरीद आरंभ की जाए, अन्यथा किसान रोड जाम को मजबूर हो जाएंगे। किसानों के धरने की सूचना पाकर सीसीआई के अधिकारी हर्षल ढाक मौके पर पहुंच गए। उन्होंने किसानों को बताया कि उनकी आज ही पोस्टिंग फतेहाबाद हुई है। वह नरमा की खरीद शुरू करवा देंगे, इसके बाद किसानों ने अपना धरना समाप्त किया।