सीआईए पुलिस की टीम ने 415 ग्राम अफीम व 90 हजार की नकदी सहित दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। शहर थाना में आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान राजस्थान निवासी अनिल व दीपक के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश करके दो दिन के रिमांड पर लिया है ताकि सप्लायर का पता किया जा सके। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया है कि लॉकडाउन में कपड़े की दुकान में नुकसान होने के चलते यह काम किया था, जिसमें वे पकड़े गए है।
डीएसपी बिरम सिंह ने बताया कि सीआईए स्टाफ पुलिस की टीम एएसआई रोहताश के नेतृत्व में चंडीगढ़ रोड पर गश्त कर रही थी कि उसी समय स्विफ्ट कार आती हुई दिखाई दी। पुलिस ने शक के आधार पर रोककर जांच की तो कार सवार दोनों युवकों से 415 ग्राम अफीम व 90 हजार रुपये की नकदी बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पंजाब में अफीम बेचकर आए हैं। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। डीएसपी ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया है कि दीपक की कपड़े की दुकान है तथा अनिल उसकी दुकान में नौकरी करता है। लॉकडाउन में काम नहीं होने के चलते रुपयों की तंगी हो गई। इसके चलते उन्होंने अफीम बेचने का काम शुरू कर दिया। डीएसपी ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश करके दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान इनसे सप्लायर के बारे में पूछताछ की जाएगी। आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड को लेकर भी जांच की जा रही है।