बीरेंद्र नहीं, सीएम के नेतृत्व में होगा चुनाव : हुड्डा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश के कांग्रेसियों के ही नेतृत्व परिवर्तन की मांग उठाने के बाद अब मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा आक्रामक तेवर में नजर आ रहे हैं। यहां आयोजित प्रेस वार्ता में जब उनसे राज्यसभा सांसद बीरेंद्र सिंह के सीएम के नेतृत्व में चुनाव न लड़ने की घोषणा पर प्रतिक्रिया ली गई तो उन्होंने कहा कि बीरेंद्र नहीं मैं प्रदेश का सीएम हूं और सीएम के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ा जाता है। बीरेंद्र के नेतृत्व में चुनाव लड़ने का तो प्रश्न ही नहीं उठता। मुख्यमंत्री यहां सोमवार को अनाजमंडी में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद पत्रकारों से रूबरू हुए थे।
हजकां के कांग्रेस में विलय के बारे में जानकारी नहीं
सीएम ने कहा कि कांग्रेस का असली मुकाबला भाजपा से है। इनेलो का अब प्रदेश में जनाधार घट रहा है और भाजपा का जनाधार बढ़ रहा है। प्रदेश में नई पार्टी के गठन पर सीएम ने कहा कि प्रजातंत्र में सबको चुनाव लड़ने का हक है। हजकां के कांग्रेस में विलय पर सीएम ने कहा कि ऐसी कोई सूचना उनके पास नहीं है।
बिजली की कमी नहीं, लोकल फाल्ट से समस्या
प्रदेश में बिजली किल्लत के प्रश्न पर सीएम ने कहा कि प्रदेश में बिजली की कोई समस्या नहीं है। शहरों को 24 घंटे बिजली दी जा रही है और किसानों को आठ घंटे पूरी बिजली मिल रही है। अगर कहीं बिजली की समस्या है तो वह लोकल फाल्ट हो सकता है। प्रदेश में जगह-जगह हो रहे बिजली के प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की तरफ से सभी जिलों को पूरी बिजली दी जा रही है। लाइन में दिक्कत या ट्रांसफार्मर के कारण कई बार दिक्कत आ जाती है। सीएम से कहा कि प्रदेश में इतना विकास कभी नहीं हुआ जितना कांग्रेस के साढ़े नौ वर्षों के कार्यकाल में हुआ है। फतेहाबाद में भी करोड़ों के विकास कार्य हुए हैं। चिल्ली झील के लिए 19 जुलाई तक टेंडर निकाल दिए जाएंगे और सिरसा रोड पर नई अनाज मंडी के टेंडर शीघ्र होंगे।
सिखों की भावना के अनुरूप ही अलग कमेटी पर होगा फैसला
मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि प्रदेश में अलग गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी बनाए जाने का फैसला हरियाणा प्रदेश के सिखों की मांग के अनुरूप ही किया जाएगा। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि हरियाणा के सिखों की मांग पर अलग से गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी बनाने के लिए कमेटी गठित की गई थी जिसकी रिपोर्ट सरकार को मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि सबके हितों को देखते हुए सरकार जल्द ही इस दिशा में सकारात्मक फैसला लेगी। उन्होंने चयनित पीजीटी अध्यापकों की ज्वाइनिंग बारे पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा कि शिक्षा विभाग चयनित शिक्षकाें के दस्तावेजों की जांच कर रहा है ताकि फर्जी विश्वविद्यालयों से डिग्री हासिल करने वालों की ज्वाइनिंग पर रोक लगाई जा सके। उन्होंने कहा कि सभी योग्य उम्मीदवारों को जल्द नियुक्ति दी जाएगी।
27 दिन में भाजपा का असली चेहरा सामने आया : हुड्डा
फतेहाबाद। केंद्र सरकार द्वारा रेव भाड़ा में वृद्धि को लेकर भी मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार का असली चेहरा केवल 27 दिन में ही पूरे देश के सामने आ गया है। मोदी सरकार द्वारा बढ़ाई गई महंगाई से पूरा देश त्राहि-त्राहि कर उठा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में टिकट के सशक्त उम्मीदवारों की लाइन लगी है।
कार्यकर्ता सम्मेलन में समर्थकों के बीच चलीं कुर्सियां
फतेहाबाद। अनाजमंडी के शेड के नीचे सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन स्थल पर पीछे की ओर सीपीएस प्रहलाद सिंह गिल्लाखेड़ा और उनके विरोधी नेताओं के समर्थकों के बीच जमकर कुर्सियां चली। दूसरे गुट के नेताओं के बोलने की बारी पर बार-बार हूटिंग और ढोल बजाने की वजह से कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने यहां तक कह दिया कि यह शक्ति प्रदर्शन जनता के बीच में जाकर करें।
जब सीपीएस के बेटे आनंदवीर गिल्लाखेड़ा मंच पर बोल रहे थे तो सम्मेलन में पीछे बैठे जिप उपाध्यक्ष दीपक भिरड़ाना के समर्थकों ने हल्ला मचाना शुरू कर दिया। वहीं आगे बैठे कार्यकर्त्ताओं ने भी आनंदवीर के पक्ष में नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान पीछे दो गुटाें में जमकर कुर्सियां भी चलीं।