फतेहाबाद। रतिया चुंगी क्षेत्र में शनिवार शाम को ट्यूशन पढ़कर घर जा रही एक छात्रा से बाइक पर सवार तीन युवकों ने मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। मामले की सूचना डायल 112 पर दी गई और पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले, जिसमें तीन संदिग्ध युवक एक बाइक पर जाते दिखाई देे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार गांव खान मोहम्मद निवासी युवती लक्की ने बताया कि वह फतेहाबाद ट्यूशन पढ़ने आती है और साढ़े चार बजे के बाद ट्यूशन से वह पैदल ही अपने घर जा रही थी। उसके साथ उसकी एक दोस्त भी थी। जैसे ही वह रतिया चुंगी के पास पहुंची तो पीछे से बाइक पर सवार होकर आए तीन युवकों ने झपट्टा मारकर उसके हाथ से मोबाइल छीन लिया और उसी समय फरार हो गए। आसपास के लोगों ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी है। फिलहाल युवकों का पता नहीं चल पाया है। हालांकि सीसीटीवी कैमरे में तीन संदिग्ध युवक एक बाइक पर भागते नजर आ रहे हैं। ज्ञात रहे कि शुक्रवार रात को भी फतेहाबाद के अमर ज्योति मंदिर क्षेत्र में दो युवकों ने पेचकस और चाकू दिखाकर महेश कुमार निवासी शिव चौक से स्कूटी छीन ली थी।