Fatehabad: चार साल के दिव्यांश की हत्या की गुत्थी सुलझी, नाबालिग को पकड़ा; हत्या व पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दिव्यांश के पिता मगांराम की शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए नाबालिग आरोपी की पहचान की और उसे उसके परिवार के सामने तफ्तीश में शामिल किया।
विस्तार
फतेहाबाद जिले के थाना सदर रतिया पुलिस ने चार वर्षीय दिव्यांश की हत्या के ब्लाइंड मर्डर केस को महज कुछ घंटों में सुलझाने में सफलता पाई है। इस मामले में पुलिस ने गांव हडौली के रहने वाले एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नाबालिग को जूनाइल कोर्ट में पेश करने के बाद बाल सुधार गृह, अंबाला भेज दिया गया है।
पुलिस उप-अधीक्षक रतिया, संजय कुमार बिश्नोई के अनुसार, एक नवंबर को थाना सदर रतिया में सूचना प्राप्त हुई थी कि गांव हडौली में चार वर्षीय दिव्यांश का शव एक सुनसान मकान में तूड़ी के ढेर में छिपा हुआ मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दिव्यांश के पिता मगांराम की शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए नाबालिग आरोपी की पहचान की और उसे उसके परिवार के सामने तफ्तीश में शामिल किया।
कानूनी प्रक्रिया के तहत, नाबालिग आरोपी को जूनाइल कोर्ट में उसके परिवार के सामने पेश किया गया, जहां से कोर्ट के आदेश पर उसे बाल सुधार गृह, अंबाला भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है, और आरोपित से पूछताछ कर इस दुखद घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।