{"_id":"65245d1ee83723d5ab0e2fc8","slug":"haryana-farmer-standing-in-line-to-take-dap-in-fatehabad-fainted-and-fell-on-the-ground-dead-2023-10-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"Haryana: फतेहाबाद में DAP लेने के लिए लाइन में लगा किसान बेहोश होकर जमीन पर गिरा, मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Haryana: फतेहाबाद में DAP लेने के लिए लाइन में लगा किसान बेहोश होकर जमीन पर गिरा, मौत
Tue, 10 Oct 2023 01:35 AM IST
भूपेंद्र सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद/भूना (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद/भूना (हरियाणा)
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Tue, 10 Oct 2023 01:35 AM IST
सार
सोसायटी में सुबह से किसानों की लंबी लाइन लग गई थी, मौके पर पानी की भी व्यवस्था नहीं थी। हार्ट अटैक से मौत की आशंका है। किसान सुबह से ही अनाज मंडी स्थित पैक्स के बाहर लाइन में लगा हुआ था।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हरियाणा के फतेहाबाद जिले के भूना क्षेत्र में गेहूं बिजाई के लिए डीएपी खाद खरीदने आए जांडली खुर्द के किसान की हार्ट अटैक से मौत हो गई। किसान सुबह से ही अनाज मंडी स्थित पैक्स के बाहर लाइन में लगा हुआ था। किसानों के लिए मौके पर पीने के पानी की भी व्यवस्था नहीं थी। किसान बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा और उसे तत्काल सीएचसी केंद्र में ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के पास कोई लिखित रिपोर्ट नहीं गई है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह आठ बजे से ही डीएपी खाद खरीदने के लिए किसानों की लाइन लग गई थी। भूना ब्लॉक के किसान बड़ी संख्या में पहुंचे हुए थे। पैक्स कार्यालय के पौने 9 बजे खुलते ही किसानों को खाद वितरण कार्य शुरू कर दिया गया।
विज्ञापन
सोसायटी प्रबंधक संदीप दहिया ने बताया कि सोमवार को पहला डीएपी खाद का रैक लगने के कारण सोसायटी में एक हजार बैग डीएपी खाद आई थी। परंतु सोसायटी के बाहर किसानों की संख्या अधिक होने के कारण प्रति किसान को पांच बैग डीएपी खाद दी गई। दोपहर तीन बजे तक लाइनों में लगे हुए किसानों को बिना भेदभाव के खाद दी गई।
विज्ञापन
किसान लाइन में अपना नंबर आने के चक्कर में भूखे-प्यासे खड़े रहे। इसी के परिणामस्वरूप डीएपी लेने के लिए लाइन में खड़े गांव जांडली खुर्द के 72 वर्षीय किसान दलेल सिंह गर्मी में बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। किसानों ने उन्हें उठाकर सीएचसी केंद्र में पहुंचाया। मगर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने बिना पोस्टमार्टम कार्रवाई के ही बुजुर्ग दलेल सिंह का गांव में अंतिम संस्कार कर दिया।
डीएपी खाद की कमी के चलते किसान कर रहे अभी से स्टॉक
गेहूं बिजाई के सीजन में डीएपी खाद की कमी की अफवाहों के चलते किसान अभी से ही डीएपी का स्टॉक कर रहे हैं। 72 वर्षीय किसान दलेल सिंह 13 एकड़ जमीन पर खेती करते थे। इनमें से तीन एकड़ उनकी खुद की थी जबकि 10 एकड़ ठेके पर लेते थे। गेहूं बिजाई के लिए अभी से ही डीएपी खाद की खरीदारी के लिए सोमवार सुबह सात बजे ही जांडली खुर्द से भूना अनाज मंडी में पहुंच गए थे। इसी दौरान सीने में दर्द हुआ तो वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े।
पानी की व्यवस्था करना मार्केट कमेटी का काम : सोसायटी प्रबंधक
किसान दलेल सिंह के लाइन में बेहोश होने से संबंधित हमारे पास कोई सूचना नहीं है। मौके पर किसानों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था करने का काम मार्केट कमेटी के अधिकारियों का है। -संदीप दहिया, पैक्स प्रबंधक
मार्केट कमेटी ने किसानों के लिए दोनों अनाज मंडी में वाटर कूलर के स्वच्छ पानी की व्यवस्था की हुई है। किसी समिति या सोसायटी के आगे मार्केट कमेटी पानी के कैंपर कैसे रख सकती है। जिस दुकान या सोसायटी में सामान बेचा जा रहा है, वहां पर पानी की व्यवस्था भी उचित मात्रा में होनी चाहिए। -ईश्वर सिंह ढाका, सचिव, मार्केट कमेटी