रतिया। टीएस इलेक्ट्रोनिक्स के मालिक हन्नी उर्फ पारस जैन से मारपीट करने और ब्लैकमेल करके पांच लाख रुपये मांगने के मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में वार्ड नंबर 12 निवासी राकेश कुमार, गुरप्रीत सिंह, वार्ड 4 निवासी सुखविंद्र उर्फ सुखी, बब्बू उर्फ पपल व राजू उर्फ जागर का नाम शामिल है। पुलिस ने 15 फरवरी को इन लोगों के खिलाफ पांच लाख रुपये की फिरौती न देने पर रास्ता रोककर मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने व ब्लैकमेल करने के आरोप में केस दर्ज किया था।
शिकायत में पारस जैन ने कहा था कि 14 फरवरी की शाम को वह दुकान बंद करके घर जाने लगा था कि तभी उसके ताऊ का लड़का गौरव जिंदल दुकान के तालों को चेक करने लगा। इसी दौरान दुकान के आगे एक बिना नंबर की ऑल्टो कार व सिल्वर रंग की स्कोडा गाड़ी आकर रुकी। दोनों कारों में से आठ लोग उतरे, उनके पास तेजधार हथियार थे। उक्त लोगों ने उसे रोककर दुकान के आगे घेर लिया और सिर में रॉड मारी। उसके भाई गौरव जिंदल ने छुड़ाने का प्रयास किया तो उसे भी पीटा। पारस का कहना है कि 18 जनवरी को गुरप्रीत का फोन आया था कि आपसे मिलना है। उसके बाद बार-बार मिलने के मैसेज आते रहे। 1 फरवरी को गुरप्रीत उसके साथी ने दबाव देकर कहा कि हमारे को पांच लाख रुपये चाहिए। ये रुपये तेरे को देने पड़ेंगे नहीं तो तेरे लिए अच्छा नहीं होगा। पुलिस ने पांचों के खिलाफ बीते सप्ताह केस दर्ज किया था। थाना प्रभारी रूपेश चौधरी ने बताया कि पुलिस ने मामले में शामिल पांच लोगों को गिरफ्तार करके अदालत में पेश किया, जहां से इन पांचों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में हिसार जेल भेज दिया।