फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Fatehabad News ›   District Development Coordination and Monitoring Meeting, fatehabad

सीएमओ के लिए सांसद ने बजवाई तालियां, बिजली और जनस्वास्थ्य अफसरों को पड़ी फटकार

Mon, 23 Dec 2019 11:24 PM IST
Rohtak Bureau रोहतक ब्यूरो
Updated Mon, 23 Dec 2019 11:24 PM IST
विज्ञापन
District Development Coordination and Monitoring Meeting, fatehabad
बैठक में अधिकारियों से जवाब तलबी करती सांसद सुनीता दुग्गल, साथ हैं जिले के तीनों विधायक व उपायुक् - फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। जिन अधिकारियों एवं विभागों के भरोसे सरकार और जिला प्रशासन विकास के बड़े बड़े दावे करते नहीं थकते, उन्हीं ने जिला विकास समन्वय एवं निगरानी की बैठक में अफसरी दावों को दो टूक ठेंगा दिखा दिया। हालांकि कई अफसरों द्वारा रखी गई प्रजेंटेशन को सांसद सहित सभी विधायकों व आला अधिकारियों ने सराहा भी तो कुछ अफसरों को सरेआम लताड़ का सामना भी करना पड़ा।
विज्ञापन

सांसद सुनीता दुग्गल की अध्यक्षता में पहली बार हुई इस बैठक में जिले के तीनों विधायक, उपायुक्त, अतिरिक्त उपायुक्त सहित सभी विभागों के आला अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक में सबसे बड़ा चौंकाने वाला खुलासा ये हुआ कि शिक्षा विभाग ने सर्व शिक्षा अभियान के तहत कुल डेढ़ सौ स्कूली कमरों की डिमांड भेजी थी, लेकिन 31 कमरों की ही ग्रांट आ सकी है। इस पर दुग्गल ने विभाग के सचिव से मिलने की बात कही।
विज्ञापन

सिविल सर्जन की प्रजेंटेशन को मिली सराहना
बैठक में स्वास्थ्य विभाग की ओर से सिविल सर्जन डॉ. मनीष बंसल ने प्रेजेंटेशन दी। बैठक में प्रोजेक्टर के माध्यम से उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की पूरी डिटेल, योजनाओं की जानकारी एवं आने वाले समय में किन-किन प्लानिंग पर काम होगा, का खाका खींच दिया। उनके इस सारी बातें सामने रखने से सांसद दुग्गल खुद काफी प्रभावित दिखीं और सभी से तालियां भी बजवाई। सिविल सर्जन डॉ. बंसल ने एड्स, नवजात मृत्यु दर, टीबी, लिंगानुपात, आयुष्मान योजना सहित स्वास्थ्य विभाग के सभी पक्षों को सामने रखा था।
विज्ञापन
विज्ञापन

बिजली व जनस्वास्थ्य अधिकारी रहे जनप्रतिनिधियों के निशाने पर
बैठक में सांसद दुग्गल, फतेहाबाद के विधायक दुड़ाराम, रतिया के विधायक लक्ष्मण नापा एवं टोहाना के विधायक देवेंद्र सिंह बबली भी मौजूद रहे। इस दौरान विधायक लक्ष्मण नापा एवं देवेंद्र बबली ने टोहाना बिजली विभाग के अधिकारियों के रवैये पर सवाल उठाए। इस दौरान खुद सांसद दुग्गल ने भी जब अधिकारियों से कुछ सवाल पूछे तो उन्हें सीधे जवाब नहीं मिले। जिसके बाद दुग्गल ने अधिकारियों को जमकर लताड़ा। हालांकि फतेहाबाद बिजली निगम के एक्सईएन शमशेर सिंह बेहतरीन आंकड़े प्रस्तुत कर अपने लिए प्रशंसा हासिल कर गए। इसी तरह जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी विधायक दुड़ाराम के सवालों के जवाब सही ढंग से नहीं दे सके जिसके चलते उन्हें भी भरी बैठक में दुग्गल की कड़वी बातों को सुनना पड़ा।
दो सौ रोडवेज बसों की जरूरत, डेढ़ सौ ही बेड़े में
बैठक के दौरान जब रोडवेज अधिकारी से फतेहाबाद के विधायक दुड़ाराम ने सवाल पूछा कि उन्हें सूलीखेड़ा गांव के लिए बस सेवा चलाने के लिए कहा गया था तो सामने से पहले तो उन्होंने कहा कि बस सेवा शुरू कर दी गई है, इस पर दुड़ाराम फिर बोले कि अभी तक शुरू नहीं हुई है। इस पर उखड़े रोडवेज अधिकारी ने दो टूक कह दिया कि जिले में दो सौ बसों की जरूरत है, बेड़े में महज 157 ही हैं। कैसे चलवा दें जी, इस पर दुग्गल ने कहा कि वो इस मामले में परिवहन मंत्री और सरकार से बात करेंगी और फतेहाबाद के लिए कुछ और बसें आवंटित करवाएंगी।
नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट डायरेक्टर व रेलवे विभाग से अपेक्षित रिपेार्ट ना मिलने पर सांसद दुग्गल ने लगाई लताड़
बैठक में नेशनल हाईवे अथॉरिटी एवं रेलवे विभाग के अपेक्षित अधिकारी नहीं पहुंचे बल्कि उनके कनिष्ठ अधिकारी पहुंचे और वो भी बिना किसी रिपोर्ट के। इस पर सांसद सुनीता दुग्गल ने रेलवे अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि वो सरकार की बदनामी का काम ना करें, अन्यथा वे अपने लेटर हैड पर एक चिट्ठी लिखेंगी और अधिकारियों का नुकसान हो जाएगा। उन्होंने रेलवे अधिकारियों से 26 दिसंबर को सिरसा में प्रस्तावित बैठक में पूरी तैयारी के साथ दोबारा आने को बोला।
इन योजनाओं की हुई समीक्षा
सांसद ने प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना, एनआरएलएम, ठोस कचरा प्रबंधन योजना, एमपी लैड, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, प्रधानमंत्री आवास योजना, अमरुत योजना, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, परंपरागत कृषि विकास योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, सर्व शिक्षा अभियान, डिजिटल इंडिया अभियान, ई-नेशनल एग्रीकल्चर मार्केट व पीएमईजीपी सहित अन्य योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की और इनके प्रभावी क्रियांवयन के संबंध में अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में लिए गए ये महत्वपूर्ण फैसले
1. मार्केटिंग बोर्ड के कार्यकारी अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए
2. दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण ज्योति योजना में गड़बड़ी की आशंका पर 15 दिन में जांच के आदेश
3. टोहाना नगर परिषद में अस्थाई रैन बसेरा की गुणवत्ता जांचने के लिए कमेटी बनाने के निर्देश
4. मनरेगा के तहत सिर्फ जोहड़ खुदाई नहीं बल्कि कई स्कूलों-पंचायतों में कच्चे-पक्के काम करने के निर्देश
5. सभी विधायकों को ग्रामीण कौशल योजना की समीक्षा करने के निर्देश
6. आयुष्मान योजना के प्रचार-प्रसार के लिए जनप्रतिनिधियों को अभियान चलाने को कहा
7. डी-प्लान के तहत जिले के सभी स्कूलों में एक-एक और शौचालय निर्माण के निर्देश
8. अपने ग्रामीण दौरों में विधायक संबंधित आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करेंगे
9. अग्रोहा-फतेहाबाद रेल प्रोजेक्ट के लिए 430 करोड़ रुपये मंजूर हुए है, इस पर आगामी कार्यवाही
ये अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे बैठक में मौजूद
बैठक में फतेहाबाद के विधायक दुड़ाराम, रतिया के विधायक लक्ष्मण नापा, टोहाना विधायक देवेंद्र सिंह बबली, उपायुक्त धीरेंद्र खडग़टा, एडीसी महाबीर प्रसाद, एसडीएम सुरेंद्र बेनीवाल, संजय बिश्नोई, नगराधीश राहुल मित्तल, जिला परिषद चेयरमैन राजेश कस्वां, नगर परिषद चेयरमैन दर्शन नागपाल, डीडीपीओ बलजीत सिंह चहल, अधीक्षण अभियंता ओपी बिर्श्नोई, डीडीए बलवंत सहारण, डीडीएएच डॉ. काशीराम, डीएफओ रघुवीर जांगु, रमेश मेहता, राजपाल बेनीवाल सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed