फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Fatehabad News ›   Councillor tore copy of agenda in front of MLA at municipal council house meeting

Fatehabad News: नगर परिषद हाउस की बैठक में विधायक के सामने पार्षद ने फाड़ी एजेंडे की कॉपी

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Fri, 24 Feb 2023 11:20 PM IST
विज्ञापन
Councillor tore copy of agenda in front of MLA at municipal council house meeting
फतेहाबाद के नगर परिषद कार्यालय में हाउस की मीटिंग लेते हुए विधायक, मौजूद प्रधान, उपप्रधान व पार
फतेहाबाद। नगर परिषद में शुक्रवार को विधायक दुड़ाराम की मौजूदगी में हाउस की बैठक हुई। बैठक में प्रधान राजेंद्र खिंची, उपप्रधान सविता टुटेजा, ईओ ऋषिकेश चौधरी सहित सभी अधिकारी व पार्षद मौजूद रहे। बैठक की शुरुआत ही गहमागहमी से हुई। बैठक में जनस्वास्थ्य विभाग और बिजली अधिकारियों के न पहुंचने पर विधायक दुड़ाराम ने दोनों के एक्सईएन और एसडीओ को फोन पर फटकार लगाई और लापरवाही का नोटिस भेजने की चेतावनी दी।
विज्ञापन

वार्ड 8 के पार्षद चंद्रभान ने उनके वार्ड में नहरी पानी सप्लाई का समाधान न होने पर विधायक दुड़ाराम के सामने एजेंडे की कॉपी फाड़ दी और कहा कि पहले दो बार हाउस की बैठक में एजेंडा रख चुके हैं, लेकिन समाधान नहीं हुआ है। अशोक नगर की पांच-छह गलियों के लोग ट्यूबवेल का पानी पीकर बीमार पड़ रहे हैं। ऐसी बैठक का क्या फायदा है, जहां पुराने एजेंडों पर ही काम न हों। बैठक में जनस्वास्थ्य विभाग से जुड़े सबसे ज्यादा मुद्दे पार्षदों ने रखे। इस पर विधायक ने सोमवार को 12 बजे जनस्वास्थ्य विभाग, बिजली निगम अधिकारियों की नगर परिषद में बैठक बुलाई है। इसमें दोनों के एसई, कार्यकारी अभियंता और एसडीओ मौजूद होंगे। पार्षद इनके सामने वार्डों के मुद्दे रख सकेंगे।
विज्ञापन

बैठक में जेई ने वार्डों की गलियों के निर्माण के एस्टीमेट पढ़ने शुरू किए तो पार्षद किरण नारंग व निर्मल सिवाच ने हंगामा कर दिया। निर्मल ने आरोप लगाया कि विकास कार्यों को लेकर भेदभाव हो रहा है। सतीश कॉलोनी में 9 माह में ही दो बार गली बना दी गई और उनके वार्ड में एक बार भी नहीं बनी है। सिवाच ने विधायक के सामने जमकर भड़ास निकाली। बैठक में करीब 9 एजेंडे पास किए गए। वहीं शहर के मॉडल टाउन के 14 पार्क और पपीहा पार्क को शिवपुरी सुधार सभा को गोद दिया जाएगा। इसको लेकर प्रस्ताव रखा गया, जिसे पास कर दिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन


बैठक में ये एजेंडे किए गए पास
हंस कॉलोनी में पानी निकासी नाला और नालियां बनाने के लिए प्रस्ताव पास किया गया।
नगर परिषद की सफाई ब्रांच और प्रॉपर्टी टैक्स ब्रांच के लिए मोटरसाइकिल खरीदे जाएंगे।
नगर परिषद सीमा में शामिल हुई नई कॉलोनियों में प्रॉपर्टी आईडी सर्वे को लेकर टेंडर करवाए जाएंगे।
पार्किंग का ठेका दोबारा लगाया जाएगा।
नगर परिषद में रिकॉर्ड रूम बनाया जाएगा।
दुकानों के आगे अतिक्रमण करने वालों पर 500 रुपये जुर्माना लगाया जाएगा।
स्ट्रीट लाइट मरम्मत का टेंडर लगाने और 10 लाख से सामान खरीदे जाने का प्रस्ताव पास हुआ।
पूर्व पार्षद स्व. वजीर जाखड़ के नाम पर मुख्य रोड का नाम रखने का प्रस्ताव पास हुआ।
शहर के हिसार-सिरसा रोड डिवाइडर पर सजावटी पौधे लगेंगे।

हिसार-सिरसा रोड पर बनेंगे स्वागत द्वार, लगेंगी तिरंगा लाइटें

फतेहाबाद शहर के हिसार-सिरसा रोड पर स्वागत द्वार लगाए जाएंगे। विधायक दुड़ाराम ने जेई से पूछा कि कब तक एस्टीमेट तैयार हो जाएगा। जेई कोई जवाब नहीं दे पाए। इस पर विधायक ने 15 दिन में कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए। आई लव फतेहाबाद का स्टेच्यू लगाने का लेकर विधायक ने पार्षदों से राय मांगी लेकिन सहमति नहीं बन पाई। सोमवार को प्रधान और उपप्रधान जगह तय करके फाइनल करेंगे। वहीं हिसार की तर्ज पर नगर परिषद हिसार-सिरसा रोड पर लगे लाइटों के पोल पर तिरंगा लाइट लगाएगा। इसको लेकर प्रस्ताव पास किया गया।
नाइट स्वीपिंग मशीन बंद करने के लिए भेजा जाएगा प्रस्ताव
हाउस बैठक में तीसरी बार नाइट स्वीपिंग मशीन को लेकर मुद्दा उठा। बैठक में विधायक ने कहा कि नाइट स्वीपिंग मशीन को बंद करने के लिए सरकार को दोबारा प्रस्ताव भेजा जाएगा। पार्षद लिखित में देंगे और इसके बाद से प्रस्ताव सरकार को भेज दिया जाएगा कि उन्हें इसकी जरूरत नहीं है।
डोर-टू-डोर टेंडर न खोलने पर ईओ को लगी फटकार
पार्षद सुभाष नायक ने मुद्दा उठाया कि उनके वार्ड में सफाई नहीं हो रही है। इस पर विधायक ने ईओ ऋषिकेश चौधरी से जवाब तलब किया। ईओ ने कहा कि एक्सईएन न होने के कारण टेंडर नहीं खोला गया है। विधायक ने फटकार लगाते हुए शाम तक टेंडर खोलने के निर्देश दिए और कहा कि जब डोंगल आपके पास है तो टेंडर क्यों नहीं खोला। एक्सईएन के पास कागज भेजकर हस्ताक्षर करवाकर कार्रवाई पूरी करें।

पपीहा पार्क का नाम बदलने पर पेच फंसा
पार्षद अर्जुन कटारिया ने पपीहा पार्क का नाम शहीद मदन लाल धींगड़ा के नाम पर रखने का प्रस्ताव रखा। बैठक में विधायक ने कहा कि पपीहा पार्क का नाम ताऊ देवीलाल के नाम पर प्रस्ताव पहले पास हो चुका है, ऐसे में नया प्रस्ताव नहीं लिया जा सकता है। जांच की जाएगी, अगर पपीहा पार्क को लेकर पहले प्रस्ताव नहीं है तो रख दिया जाएगा।
रात 7 बजे से सुबह 7 बजे तक शहर के अंदर से जाएंगी बसें
नगर परिषद की हाउस बैठक में पार्षदों ने विधायक के सामने मुद्दा रखा कि बस स्टैंड शहर से बाहर होने के चलते लोगों को रात के समय ज्यादा परेशानी हो रही है। इस पर विधायक ने जीएम महाप्रबंधक को रात 7 बजे से सुबह 7 बजे तक बसें शहर के अंदर से गुजारने के निर्देश दिए।
मिनी बाईपास के सुधारीकरण पर पार्षदों की नहीं बनी सहमति
शहर के मिनी बाईपास के सुधारीकरण को लेकर विधायक ने पार्षदों से राय मांगी। पार्षद मोहनलाल नारंग ने कहा कि मिनी बाईपास पर साइकिलिंग और घूमने के लिए ट्रैक बनाया जाए। मगर पार्षद राधा कुलड़िया ने कहा कि मिनी बाईपास को चौड़ा किया जाए। सहमति न बनने के कारण कोई फैसला नहीं हो पाया।

जब पार्षद ने मुद्दे रखे तो विधायक बोले मेरे सामने चुनाव तो नहीं लड़ोगे
बैठक में सभी वार्डों से अलग-अलग एजेंडे लिए गए। जब वार्ड 12 के पार्षद मोहन लाल नारंग ने अपने वार्ड के अलावा शहर के कई मुद्दे बैठक में रख दिए तो बाद में विधायक ने हंसते हुए कहा कि पार्षद साहब कहीं विधानसभा का अगला चुनाव मेरे सामने तो नहीं लड़ोगे। इस पर पार्षद ने जवाब दिया कि वक्त बताएगा।
प्रधान के लिए किराये पर गाड़ी लेगा नगर परिषद
हाउस बैठक में प्रधान राजेंद्र सिंह खिंची के लिए किराये पर गाड़ी लेने का प्रस्ताव पास किया गया। विधायक ने निर्देश दिए कि जब तक यूएलबी से नई गाड़ी खरीदने की अनुमति नहीं आती है, तब तक प्रधान के लिए किराये पर गाड़ी ली जाएगी।
कमेटी बनाने पर पार्षद आपस में उलझे
नगर परिषद के कार्यों को लेकर कमेटी बनाने के लिए हाउस बैठक में विधायक के सामने ही पार्षद आपस में उलझ गए। अलग-अलग पांच कमेटियों का गठन किया जाना है। विधायक ने जब पार्षदों से नाम मांगे तो पार्षद आपस में ही उलझ गए।

कोट
नगर परिषद में हाउस की बैठक हुई है, जिसमें अलग-अलग विकास कार्यों पर मुहर लगी है। नाइट स्वीपिंग मशीन को बंद करने के लिए सरकार के पास प्रस्ताव भेजा जाएगा। इसके अलावा जनस्वास्थ्य विभाग और बिजली निगम से जुड़ी कई शिकायतें है, समाधान को लेकर सोमवार को संबंधित अधिकारियों को नगर परिषद में बुलाया गया है। पार्षद इनके सामने अपनी शिकायतें रख सकेंगे।
-दुड़ाराम, विधायक
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed