रतिया। रतिया से बीराबदी जाने वाली बस का टाइम मिस हो जाने से नाराज विद्यार्थियों ने वीरवार शाम को रतिया बस स्टैंड पर रोष प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने कहा कि अगर उनके रूट पर बस सेवा में बढ़ोतरी न की गई तो वे आंदोलन करेंगे। जानकारी के अनुसार वीरवार शाम को गांव बीराबदी जाने वाली बस न जाने से नाराज विद्यार्थियों सुनील कुमार, सुरेंद्र कुमार, प्रियंका रानी, पूजा रानी, प्रिया रानी, वीरपाल कौर, विजय सिंह, मंगल सिंह, सुरेश कुमार, सुखप्रीत सिंह आदि ने रोडवेज विभाग के खिलाफ रोष प्रदर्शन व नारेबाजी करते हुए कहा कि उनके गांव बीराबदी को रतिया से शाम 4:30 बजे बस चलती है जिस पर अनेक विद्यार्थी अपने गांव जाते हैं, लेकिन कुछ दिन से यह बस नियमित नहीं चल रही और वीरवार को भी यह बस नहीं आई जब हमने रोडवेज अधिकारियों से पता किया तो उन्होंने कोई संतुष्टिजनक जवाब नहीं दिया। इन विद्यार्थियों ने कहा कि उनके रूट पर कम बसें चलती हैं जिससे विद्यार्थियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। विशेषकर लड़कियों को शाम के समय बस के टाइम मिस हो जाने के चलते काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसलिए प्रशासन को चाहिए कि उनके गांव के इस रूट पर बसों की संख्या बढ़ाई जाए और अगर ऐसा नहीं किया जाता तो वह लोग अपना आंदोलन करेंगे।