फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Fatehabad News ›   Brothers beat brother to death over land dispute

Fatehabad News: जमीन के विवाद में भाइयों ने भाई को पीट-पीटकर मार डाला

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Sat, 25 Feb 2023 10:51 PM IST
विज्ञापन
Brothers beat brother to death over land dispute
भूना। गांव चौबारा में शनिवार को लाल डोरे की विवादित जमीन को लेकर चचेरे भाइयों के साथ मिलकर सगे भाई ने अपने छोटे भाई की पीट-पीटकर निर्ममता से हत्या कर दी। मरने से पहले पीड़ित जान बचाने के लिए आधे घंटे तक गुहार लगाता रहा। मगर किसी भी ग्रामीण ने उसकी पुकार को नहीं सुना। आखिरकार तड़प-तड़प कर युवक कुलदीप की जान चली गई। आरोप है कि कुलदीप की पिटाई में उसके सगे बड़े भाई फौजी सतबीर सिंह व उसके बेटे संदीप ने भी चाचा शीशपाल व उसके दो बेटों का बराबर सहयोग दिया। मृतक की पत्नी के बयान पर दो महिलाओं सहित सात लोगों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन

जानकारी के अनुसार 34 वर्षीय कुलदीप जाखड़ मोटरसाइकिल पर खेत से अपने घर आ रहा था। जैसे ही वह गांव में अपने सगे चाचा शीशपाल जाखड़ के घर के आगे से गुजरने लगा तो रिश्ते में कुलदीप के भांजे मिर्जापुर निवासी आकाश ने हाथों पर लाठी से वार करके चलती मोटरसाइकिल से कुलदीप को नीचे गिरा दिया। वहीं, पहले से ताक में बैठे के परिवार के अन्य सदस्य उसे उठाकर अपने घर के अंदर ले गए। जहां पर कुलदीप पर ताबड़तोड़ लाठी-डंडों व अन्य हथियारों से हमला कर दिया। जब अपने पति कुलदीप की जान बचाने के लिए सुमन दौड़कर आई तो उसको भी धक्का देकर दरवाजे से बाहर फेंक दिया। सुमन का आरोप है कि उसके पति को लगातार बेरहमी से पीटते रहे। करीब आधे घंटे तक पीड़ा से चिल्लाने के बाद उसके पति की मौत हो गई। सुमन ने डायल 112 नंबर पर सूचना दी। पुलिस की गाड़ी पहुंची तब तक कुलदीप की जान जा चुकी थी। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष अनूप सिंह दलबल सहित मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम को लेकर उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया। डीएसपी जुगल किशोर ने भी मौके पर पहुंच कर वारदात स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से कस्सी के बिंडे तथा लाठियों को कब्जे में लिया है।
विज्ञापन


पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

भूना थाना प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में मृतक कुलदीप के चाचा शीशपाल, शीशपाल के बेटे उत्तम उर्फ सुरेश और शीशपाल की पुत्रवधू मुकेश रानी को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन


लाल डोरे की पुश्तैनी जमीन पर था विवाद
गांव चौबारा में पिछले कई वर्षों से नत्थूराम जाखड़ के बेटे कुलदीप व सतबीर के बीच लाल डोरे की पुश्तैनी जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। मगर मौके पर कुलदीप जमीन पर काबिज था, जबकि रिहायशी के लिए जमीन से संबंधित दोनों ही पक्षों के पास कोई कमी नहीं है। विवादित जमीन नाममात्र होने के बावजूद दोनों ही भाइयों ने नाक का सवाल बनाया हुआ था। इस विवादित जमीन को लेकर मृतक के सगे चाचा शीशपाल व उसके बेटे उत्तम उर्फ सुरेश और सलिंद्र भी खिलाफ हो गए थे। इसलिए कुलदीप जाखड़ के खिलाफ परिवार के दूसरे सदस्य भी थे। ग्रामीणों के अनुसार वह झगड़े में सक्रिय रहता था, जिसके चलते छोटी-छोटी लड़ाई हत्या तक पहुंच गई।
पुलिस स्टेशन में दोनों पक्षों के खिलाफ हो चुकी है एफआईआर
मृतक कुलदीप की पत्नी सुमन की शिकायत पर 30 जनवरी 2020 को पुलिस ने आग लगाकर संपत्ति को नष्ट करने व जान से मारने की धमकी देने के मामले में चाचा शीशपाल व सतबीर तथा सुरेश के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। यह मामला कोर्ट में विचाराधीन है। वहीं, 12 अक्तूबर 2022 को उत्तम सिंह की पत्नी अनीता की शिकायत पर घर में घुसकर छेड़छाड़ करने के आरोप में कुलदीप व उसकी पत्नी सुमन तथा मां लिछमा के खिलाफ एफआईआर हुई थी। वहीं, 15 नवंबर 2022 को मृतक के सगे भतीजे संदीप ने मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज करवाया था, जिसमें आरोपी कुलदीप, सुमन व असीम के विरुद्ध धारा 323, 325, 506 के तहत कार्रवाई की गई थी। यह मामला भी न्यायालय में विचाराधीन है।
मां ने भी किया पक्षपात
नत्थूराम जाखड़ के तीन बेटे थे और तीनों ही अब अलग-अलग घर बनाकर बसे हुए हैं। मगर नत्थूराम की पत्नी लिछमा का अपने छोटे बेटे कुलदीप की तरफ ज्यादा मोह था। इसलिए लाल डोरे की पुश्तैनी जमीन पर कुलदीप का ही एकतरफा दावे में सहयोग दे रही थी। ग्रामीणों का कहना है कि अगर लिछमा तीनों बेटों का बराबर बंटवारा करती तो आज भाइयों के बीच लंबे समय से चली आ रही तकरार मौत में परिवर्तित नहीं होती।
तीन बच्चों का बाप है मृतक
कुलदीप जाखड़ के तीन संतान हैं, जिनमें दो बेटे और एक बेटी है। इनमें 9 साल की बेटी, सात तथा दो साल के बेटे शामिल हैं। घर में वृद्ध मां लिछमा देवी व पत्नी सुमन का रो-रो कर बुरा हाल बना हुआ है।

कोट -----
कुलदीप की हत्या मामले में पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करके तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मृतक की पत्नी सुमन के बयान पर दो महिलाओं सहित सात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
-अनूप सिंह, प्रभारी, भूना थाना पुलिस
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed