अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा छात्रों की विभिन्न समस्याओं और 11 सूत्री मांगों को लेकर शहर में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अध्यक्षता एबीवीपी के जिला संयोजक संदीप समैण ने की। प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी ने सरकार से छात्रों की समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की। जिला संयोजक संदीप समैण ने बताया कि 11 सूत्रीय मांग पत्र मुख्यमंत्री, राज्यपाल एवं प्रदेश के शिक्षा मंत्री को भेजा गया है। छात्र हितों की इन मांगों को पूरा कराने के लिए एबीवीपी द्वारा प्रदेशभर में आंदोलन किया जाएगा। इसी कड़ी में सोमवार को प्रदेश भर में जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किए गए। इसके बाद अब सितंबर को पंचकूला में उच्चतर शिक्षा विभाग कार्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष सरकार द्वारा विभिन्न कोर्सों की फीस में बढ़ोतरी की गई थी जिसका एबीवीपी ने पुरजोर विरोध किया था। उसके पश्चात उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा एक पत्र के माध्यम से जिन विद्यार्थियों से बढ़ी हुई फीस ली गई थी उनको 15 दिन में वापस करने का निर्देश दिया था परंतु आज तक प्रदेश के 50 प्रतिशत से ’यादा संस्थानों ने फीस वापस नहीं की है। उन्होंने कहा कि अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों की परीक्षा से संबंधित सभी समस्या दूर की जाए। अगर ऑनलाइन परीक्षा ली जाती हैं तो पहले मॉक टेस्ट आयोजित किया जाए। प्रत्येक जिला केंद्र पर परीक्षा से संबंधित समस्याओं को दूर करने के लिये जिला को-ऑर्डिनेटर नियुक्त किये जाएं। इस मौके पर सर्व प्रीत सिंह, तेजस्वी कुमार, अमन कुमार, प्रेम जीत सिंह, सुनील लांबा, जतिन कुमार, अरमान, प्रदीप आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।