फतेहाबाद। वर्ष 1999 में स्कूल से पासआउट बच्चों का एक ग्रुप शुक्रवार को स्कूल पहुंचा। शहर के सन्यास आश्रम रोड स्थित शांति निकेतन स्कूल से इन बच्चों ने कक्षा आठवीं पास की थी और पूरे 20 साल बाद एक बार फिर वह स्कूल पहुंचे वर्तमान में स्कूल में पढ़ाई कर रहे बच्चों के साथ अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने इस दौरान स्कूल में अपनी पुरानी कक्षाएं और पुराने सहपाठियों के साथ सेल्फियां भी ली और जमकर मस्ती की। स्कूल के प्रिंसिपल रामकुमार शर्मा और निदेशक सुभाष शर्मा ने बच्चों का स्वागत किया। स्कूल में पहुंचे पुराने छात्र सीमा, कोमल सोनी, ईशा, गुंजन, रवि, कपिल सोनी, अशोक शर्मा, गगन गोस्वामी, तरूण, विपिन गर्ग, मुकेश नारंग आदि ने बताया कि कक्षा पहली से आठवीं तक की पढ़ाई उन्होंने इसी स्कूल से की थी और इस स्कूल से उनकी काफी पुरानी यादें जुड़ी हुई हैं। 1999 में वह स्कूल से कक्षा आठवीं पास करके वह अगली कक्षा में चले गए थे। बचपन से लेकर आठवीं तक इस स्कूल में अनेक उनकी यादें आज भी पड़ी हैं। स्कूल आकर हमने हमारी पुरानी कक्षाओं को देखा। उन्होंने बताया कि प्राइमरी सेक्शन की उनकी कक्षाएं आज भी वैसे की वैसे पड़ी हैं और उनको हर कक्षा आज भी याद है। हालांकि आठवीं के बाद अब स्कूल 12वीं तक हो गया है और दूसरी बिल्डिंग का काफी विस्तार हुआ है। स्कूल की तरक्की देखकर उनको बेहद खुशी हुई है। इस दौरान स्कूल प्रिंसिपल रामकुमार शर्मा और निदेशक सुभाष शर्मा ने बताया कि 20 साल बाद स्कूली बच्चे उनके स्कूल में आए हैं और उनको यह देखकर काफी खुशी हुई कि बच्चे आज भी स्कूल की यादें संजोए हुए हैं। उन्होंने कहा कि 1999 तक हमारा स्कूल आठवीं तक ही मान्यता प्राप्त था और अब 12वीं तक हो गया है। इस दौरान बच्चों ने अपने प्रिंसिपल के साथ जलपान भी लिया।