कैनाल गार्ड पद को अपग्रेड करवाने के लिए सिंचाई विभाग कर्मचारियों ने सोमवार को बाढड़ा विधायक सुखविंद्र मांढ़ी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। जिला प्रधान जोगेंद्र मानकावास ने बताया कि सरकार द्वारा कैनाल गार्ड पद के लिए योग्यता 12वीं पास व हरियाणा पुलिस का शारीरिक मापदंड और इसके साथ तैराकी की शर्त लागू कर रखी है। कैनाल गार्ड के पद को ग्रुप-डी में रखा गया है, जबकि पूरे हरियाणा में किसी भी विभाग में 12वीं पास कर्मचारी ग्रुप-डी में नहीं आता।
उन्होंने बताया कि ग्रुप-डी के कर्मचारी की योग्यता आठवीं पास से बढ़ाकर दसवीं की है। विभाग में कैनाल गार्ड को अन्य पद पर पदोन्नति के लिए योग्यता 10वीं पास रखी गई है, जबकि यह योग्यता अनुसार गलत है। विभाग के अंदर कर्मचारी अपने कार्य को मेहनत व ईमानदारी से कर रहे हैं। उनके कार्य को देखते हुए विभाग में ईआईसी द्वारा एक कमेटी गठित की गई है, जिसको कैनाल गार्ड के पद को अपग्रेड करने के लिए कहा गया है। कमेटी चेयरमैन चीफ इंजीनियर एसएस कादयान को बनाया गया है। कमेटी ने अपनी रिपोर्ट ईआईसी को सौंप दी है और रिपोर्ट कमिश्नर अनुराग रस्तोगी के पास भेजी जा चुकी है। इस मौके पर नरेश, संदीप, टोनी, प्रदीप कुमार, संजय कुमार, अनिल, सतीश, बलराज, पवन, अनूप कुमार, विक्रम सिंह, सोमबीर व नरेंद्र आदि उपस्थित थे।