चरखी दादरी। जिले की विभिन्न खाप और संगठनों की पंचायत शनिवार को बाबा स्वामी दयाल धाम पर हुई। इसमें किसान आंदोलन में सरकार की ओर से एमएसपी को लेकर किए वादे पर चर्चा की गई। पंचायत में निर्णय लिया गया कि इस मामले पर सरकार के उदासीन रवैये को लेकर 21 मार्च को जिला उपायुक्त की मार्फत राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा जाएगा। पंचायत में 50 से अधिक जनसंगठनों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बाबा स्वामी दयाल धाम पर आयोजित पंचायत की अध्यक्षता फौगाट खाप-19 के प्रधान बलवंत नंबरदार ने की। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों से एमएसपी पर कमेटी गठित करने व एमएसपी लागू करने का वादा किया था, लेकिन अभी तक न तो कोई कमेटी गठित हुई और न ही एमएसपी निर्धारण की प्रक्रिया पर काम शुरू हुआ है। उन्होंने बताया कि सयुंक्त किसान मोर्चा के आदेशानुसार उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा जाएगा, जिसमें एमएसपी के लिए कमेटी गठित कर तुरंत प्रभाव से कार्रवाई शुरू करने की मांग की जाएगी। पंचायत में फौगाट खाप सचिव सुरेश फौगाट, बिरहीं 22 कन्नी प्रधान दिलबाग सिंह, झोझू कन्नी सचिव सुरेंद्र सिंह, पचगामा प्रधान राजबीर शास्त्री, सतगामा खाप से जगबीर सिंह, श्योराण खाप 25 से मास्टर कर्णसिंह, किसान नेता रणधीर कुंगड़, राजू मान, रामसिंह बलकरा, प्रधान मास्टर महाबीर रानीला, खजांची राजबीर टिकान कलां, ऑडिटर सुरेंद्र, सीताराम फौगाट, नत्थूराम फौगाट, रामसिंह, लक्ष्मण फौगाट, रणबीर, सांतौर पूर्व सरपंच सतबीर, त्रिलोक व जयप्रकाश आदि मौजूद रहे।