{"_id":"66a4ae5b1755e17f9f065e40","slug":"major-accident-in-dadri-head-on-collision-between-pickup-and-trolley-cousin-brothers-die-2024-07-27","type":"story","status":"publish","title_hn":"दादरी में बड़ा हादसा: पिकअप व ट्रॉले की आमने-सामने की भिंड़त, चचेरे भाइयों की मौत; एनएच 334बी पर हुई घटना","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दादरी में बड़ा हादसा: पिकअप व ट्रॉले की आमने-सामने की भिंड़त, चचेरे भाइयों की मौत; एनएच 334बी पर हुई घटना
Sat, 27 Jul 2024 01:52 PM IST
नवीन दलाल
संवाद न्यूज एजेंसी, दादरी (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, दादरी (हरियाणा)
Published by: नवीन दलाल
Updated Sat, 27 Jul 2024 01:52 PM IST
सार
अत्तर सिंह और अशोक पिकअप में सवार होकर खोरड़ा गांव से बिलावल आ रहे थे। शहर के लोहारू चौक ओवरब्रिज से पहले सर्विस लेन का कट मारना वो भूल गए और ओवरब्रिज पर चढ़ गए। इसके बाद एनएच 334-बी पर रावलधी-भिवानी लिंकमार्ग कट से उन्होंने यू-टर्न मार लिया।
विज्ञापन
दुर्घटनाग्रस्त ट्रक
- फोटो : संवाद
विस्तार
चरखी दादरी के एनएच 334-बी पर दादरी शहर के लोहारू ओवरब्रिज के समीप शुक्रवार रात पिकअप और ट्रॉले की आमने-सामने की भिंड़त हो गई। हादसे में पिकअप सवार दादरी जिले के बिलावल गांव निवासी दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। दादरी शहर थाना पुलिस ने शनिवार को सिविल अस्पताल में मृतक भाइयों का पोस्टमार्टम करवाया और छोटे भाई के बयान पर ट्रॉला चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
विज्ञापन
पुलिस को दिए बयान में बिलावल निवासी नरेंद्र ने बताया कि मृतक अशोक (45) और अत्तर सिंह (65) उसके बड़े भाई थे। अशोक उसका सगा जबकि अत्तर सिंह चचेरा भाई था। शुक्रवार रात करीब साढ़े 10 बजे अत्तर सिंह और अशोक पिकअप में सवार होकर खोरड़ा गांव से बिलावल आ रहे थे। शहर के लोहारू चौक ओवरब्रिज से पहले सर्विस लेन का कट मारना वो भूल गए और ओवरब्रिज पर चढ़ गए।
विज्ञापन
इसके बाद एनएच 334-बी पर रावलधी-भिवानी लिंकमार्ग कट से उन्होंने यू-टर्न मार लिया और उसी दौरान सामने से आ रहे ट्रॉले ने उनकी पिकअप को टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप सवार दोनों चचेरे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें उपचार के लिए दादरी सिविल अस्पताल लाया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने सिविल अस्पताल पहुंचकर दोनों के शव शवगृह में रखवा दिए। शनिवार को कागजी प्रक्रिया पूरी कर मृतकों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए गए। दोनों मृतकों के एक-एक बेटा है जबकि अशोक तीन भाइयों में बड़ा था।
विज्ञापन
पलट गया ट्रॉला, चालक हुआ फरार
अशोक और अत्तर सिंह की पिकअप को टक्कर मारने के बाद ट्रॉला अनियंत्रित हो गया। इससे ट्रॉली अलग होकर सड़क किनारे पलट गई। वहीं, हादसे के तुरंत बाद ट्रॉला से उतरकर चालक मौके से फरार हो गया। आरोपी का पता लगाने के लिए पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है।
अधिकारी के अनुसार
इस संबंध में मृतक अशोक के छोटे भाई नरेंद्र के बयान पर ट्रॉला चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपी चालक को पुलिस गिरफ्तार कर लेगी। -अनिल कुमार, हेड कांस्टेबल एवं जांच अधिकारी, दादरी शहर थाना।