Dadri: जमीन बेचने के नाम पर की पांच लाख की धोखाधड़ी, मां-बेटे पर केस दर्ज
पुलिस को दी शिकायत में टिकान कलां निवासी मनोज ने बताया कि उसने एक मां-बेटा से 8.65 लाख रुपये में जमीन का सौदा किया था। ढाई लाख रुपये उसने आरटीजीएस के माध्यम से, 1.90 लाख रुपये नकद और 60 हजार रुपये चैक के माध्यम से दिए थे जबकि 3.65 लाख रुपये रजिस्ट्री के वक्त देने की बात तय हुई थी।
विस्तार
चरखी दादरी में टिकान कलां निवासी एक व्यक्ति ने मां-बेटे पर जमीन बेचने के नाम पर 5 लाख की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता के अनुसार मां-बेटा ने एक अन्य शख्स से भी जमीन का सौदा किया हुआ था। पुलिस ने इस संबंध में आरोपी मां-बेटा पर केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में टिकान कलां निवासी मनोज ने बताया कि उसने एक मां-बेटा से 8.65 लाख रुपये में जमीन का सौदा किया था। ढाई लाख रुपये उसने आरटीजीएस के माध्यम से, 1.90 लाख रुपये नकद और 60 हजार रुपये चैक के माध्यम से दिए थे जबकि 3.65 लाख रुपये रजिस्ट्री के वक्त देने की बात तय हुई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि रजिस्ट्री का समय आया तो उक्त मां-बेटा नहीं पहुंचे। उसे पता चला कि जो जमीन उसे बेचने के लिए बात की गई थी उसका सौदा एक अन्य शख्स से भी किया गया।
मनोज ने बताया कि जब उसने उक्त मां-बेटा से बात की तो महिला ने उस पर झूठा मामला दर्ज करवाने की धमकी दी। शिकायतकर्ता के अनुसार उसने जुलाई 2023 में सिटी थाने में शिकायत दी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इसके बाद उसने कोर्ट का सहारा लिया। अब पुलिस ने इस संबंध में धारा 406, 420 व 506 के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
ऑटो सवार महिला का चुराया पर्स
चरखी दादरी में ऑटो सवार वार्ड-18 निवासी एक महिला का पर्स चोरी हो गया। संदेह के आधार पर महिला ने ऑटो में उसके बगल में बैठी एक महिला को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर जख्च शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता महिला के अनुसार उसके पर्स में साढ़े तीन तोला वजनी सोने का मंगलसूत्र और करीब साढ़े 7 हजार की नकदी थी।
पुलिस को दी शिकायत में वार्ड-18 निवासी रेखा देवी ने बताया कि उसका सोने का मंगलसूत्र टूट गया था। इसके चलते वो बाजार के लिए घर से निकली थी। रेखा ने बताया कि लोहारू रोड से उसने बाजार का ऑटो लिया। शिकायतकर्ता के अनुसार रोहतक फाटक के समीप से एक महिला ऑटो में बैठी जो रेलवे स्टेशन के सामने उतर गई। महिला ने बताया कि कुछ दूर चलकर वो भी ऑटो से उतर गई।
महिला के अनुसार किराया देने के लिए उसे बैग संभाला तो पर्स चोरी मिला। उसे पास बैठी महिला पर संदेह हुआ और तत्काल रेलवे स्टेशन पहुंची। रेखा ने ऑटो में उसके पास बैठी महिला को रेलवे स्टेशन पर पकड़ लिया और उसने अपना नाम ममता बताया। इसके बाद रेखा ने पुलिस को सूचित किया और उक्त महिला को पुलिस के हवाले कर दिया।