चरखी दादरी। सराहनीय कार्य कर बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने वाले लाइनमैनों को बिजली निगम अधिकारियों ने मंगलवार को सम्मानित किया गया। रेलवे रोड स्थित मुख्य बिजली सब स्टेशन में आयोजित समारोह में छह बिजली सब डिविजन के 66 लाइनमैन सम्मानित किए गए। उन्हें निगम अधिकारियों ने प्रशस्ति पत्र के साथ बिजली सुरक्षा उपकरण भी दिए।
सम्मान समारोह की अध्यक्षता एक्सईएन अविनाश यादव ने की। निगम के अधिकारियों ने सम्मानित लाइनमैनों से अपने अनुभव अन्य कर्मचारियों के साथ साझा करने को कहा, ताकि सभी बिजली निगम के कर्मचारी इनके अनुभव का लाभ उठाकर अपनी सेवाओं को और बेहतर कर सकें।
गौरतलब है कि जिले में शहरी, सब-अर्बन, झोझूकलां, अटेलाकलां, सांजरवास व बाढड़ा सब डिविजन बनाए गए हैं। प्रति सब डिविजन 11 लाइनमैन नियुक्त किए गए हैं। मंगलवार को आयोजित समारोह में सभी लाइनमैन बुलाए गए और उनके प्रयासों की सराहना करते हुए अधिकारियों ने सम्मानित किया। कार्यक्रम में एसडीओ सिटी गौरव कुमार, एसडीओ ग्रामीण राकेश कुमार, सांजरवास एसडीओ अनुराग, अटेलाकलां एसडीओ अनुराग व बाढड़ा एसडीओ रामसिंह, फोरमैन दलबीर सिंह दहिया आदि मौजूद रहे।