भिवानी। पिछले एक माह से पेयजल किल्लत झेल रही श्यामपुरा ढाणी क्षेत्र की महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा और देवसर चुंगी के समीप सरकुलर रोड पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलते ही सिटी एसएचओ रविंद्र कुमार, दिनोद गेट पुलिस चौकी प्रभारी वीरेंद्र सिंह टीम के साथ पहुंचे। गुस्साई महिलाओं ने रास्ता रोक कर पब्लिक हेल्थ विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं पुलिस द्वारा जाम खुलवाने का प्रयास किया गया, लेकिन महिलाएं अपनी मांग पर अड़ी रहीं। बाद में पब्लिक हेल्थ के जेई मौके पर पहुंचे, जिसके साथ भी महिलाओं की तीखी नोकझोंक हुई। जाम में वाहन भी फंसे और पुलिस को रूट डायवर्ट करना पड़ा।
देवसर चुंगी के समीप ढाणी श्यामपुरा निवासी सुशीला, अनीता, सरोज, अन्नु, कैलाशो ने बताया कि पिछले एक माह से क्षेत्र में पानी की नियमित सप्लाई नहीं आ रही है। पब्लिक हेल्थ विभाग को काफी शिकायतें दी। जिसके बाद विभाग के कर्मचारियों ने कई जगह से पेयजल लाइन भी खोद डाली, मगर फिर भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। पब्लिक हेल्थ विभाग के अधिकारियों ने गड्ढे खोदकर हमारी परेशानी और बढ़ा दी। कोरोना संक्रमण के दौर में पीने के पानी के लिए भी उन्हें दूर दराज के इलाकों में भटकना पड़ता है। सोमवार को महिलाओं ने देवसर चुंगी के समीप घंटाघर से लोहारू रोड रेलवे ओवरब्रिज नंदीशाला मार्ग पर जाम लगा दिया। जेई सचिन पहुंचे तो महिलाओं ने उन्हें खूब खरीखोटी सुनाई। इसके बाद जेई ने पेयजल समस्या का तुरंत समाधान कराए जाने का आश्वासन दिया। अश्वासन मिलने के करीब एक घंटे बाद महिलाएं जाम खोलने पर राजी हुई। एसएचओ रवींद्र कुमार ने बताया कि महिलाओं को समझाकर जाम खुलवा दिया है। यहां से आने वाले वाहनों को रेलवे ओवरब्रिज पर डायवर्ट किया गया था।