फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Bhiwani News ›   Teej festival celebrated

Bhiwani News: पर्यावरण संरक्षण का संदेश देकर मनाया तीज पर्व

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Thu, 08 Aug 2024 03:08 AM IST
विज्ञापन
Teej festival celebrated
भिवानी के तीज उत्सव में प्र​स्तुति देतीं युवतियां। 
भिवानी। गांव चांग स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में तीज उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हरियाणवी संस्कृति एवं परंपराओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं मेहंदी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सभी छात्राओं के साथ-साथ शिक्षिकाओं ने भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के साथ झूला झूलकर तीज पर्व की खुशियां सांझा की। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्राचार्या इंदु शर्मा ने सभी स्टाफ सदस्यों एवं छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण का ध्यान रखते हुए अधिक से अधिक पौधरोपण कर उनका संरक्षण किए जाने का भी आह्वान किया। प्राचार्या इंदु शर्मा ने तीज पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्योहार हमारे जीवन में हर्ष एवं उल्लास लाते है। ये हमारी परंपराओं के प्रतीक है। इस अवसर पर सीमा टांक व समस्त स्कूल स्टाफ सदस्य और विद्यार्थी मौजूद रहे।
विज्ञापन


तीज महोत्सव के अवसर पर चलाया सफाई अभियान

भिवानी। खंड कार्यालय भिवानी में तीज महोत्सव के अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वच्छता अभियान चलाया व पौधरोपण किया। मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद अशवीर नैन, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी आशीष मान व खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी सोमवीर कादयान ने पौधरोपण कर पर्यावरण बचाओ का संदेश दिया। इस दौरान सीईओ डॉ. अशवीर नैन ने कहा कि स्वच्छता अभियान में नागरिक बढ़-चढ़कर भाग लें। उन्होंने बताया कि जिले के ग्रामीण क्षेत्र में 24 जुलाई से 15 अगस्त तक विशेष स्वच्छता अभियान मनाया जा रहा है। अभियान को सफल बनाने के लिए अधिकारियों को एक-एक गांव गोद दिया गया है। इस अभियान के दौरान ओडीएफ प्लस पर प्रचार-प्रसार की सामग्री वितरित की और ग्राम पंचायत ने अभियान के दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध के लिए प्रस्ताव पारित भी किए।
विज्ञापन


महिलाओं ने झूला झूलकर मनाई तीज पर्व की खुशियां
भिवानी। दिनोद गेट स्थित सेठ मूलचंद झील के प्रांगण में दो दिवसीय हरियाली तीज एवं सिंधारा महोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। आरती के बाद प्रसाद वितरित किया गया। इसका आयोजन सिद्धपीठ लाल महादेव अखाड़े वाले बाबा के सान्निध्य में किया जा रहा है। प्रबंधक समिति सेठ मूलचंद झील के पदाधिकारियों ने बताया कि 2 दिवसीय कार्यक्रम के पहले दिन महिलाएं सज संवर कर कार्यक्रम में पहुंची तथा मेंहदी लगवाते हुए झूला झूलकर व ढोलकी थाप पर थिरक कर तीज महोत्सव की खुशियां मनाई। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम दौरान महिलाओं ने हरियाणा की पारंपरिक मिठाई सवाली, गुलगुले, सेवईयां, सेल, पूड़े, पताशे भी बांटे।
विज्ञापन
विज्ञापन


झूला झूलकर दिया प्रेमभाव का परिचय

कैरू। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कैरू में मंगलवार को तीज पर्व मनाया गया। छात्राओं व अध्यापिकाओं ने झूला झूलकर उत्सव मनाकर आपसी प्रेम भाव का परिचय दिया। स्कूल प्राचार्य विवेक कुमार ने बच्चों को शुभकामनाएं दी। इस मौके पर मा. नरेश, प्रवक्ता सतीस, मुकेश कुमारी, नीलम, सोनिका उपस्थित रहे।

हनुमान जोहड़ी मंदिर धाम में जारी चार दिवसीय हरियाली तीज मेला उत्सव हुआ संपन्न

भिवानी। युवा जागृति एवं जनकल्याण मिशन ट्रस्ट की ओर से हनुमान जोहड़ी मंदिर धाम में जारी चार दिवसीय हरियाली तीज मेला उत्सव का बुधवार को समापन हो गया। इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। बेटियों की ओर से हरियाणवी वेशभूषा पहनकर किया गया। इस दौरान बतौर मुख्यअतिथि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डाॅ. वीपी यादव ने शिरकत की। कार्यक्रम में सान्निध्य मंदिर के महंत बालयोगी महंत चरणदास महाराज का रहा। डॉ. वीपी यादव ने कहा कि भारतीय संस्कृति में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का विशेष महत्व रहा है। मंदिर के महंत बालयोगी महंत चरणदास महाराज ने कहा कि हरियाली तीज का संबंध माता पार्वती और भगवान शिव की कथा से भी है। झूला झूलने से मन को शांति मिलती है और व्रत के दौरान ध्यान केंद्रित करने में सहायता मिलती है। इसलिए हरियाली तीज पर झूला झूलना अनिवार्य माना जाता है।

तीज उत्सव पर पारंपरिक पकवानों व संस्कृति की दिखी झलक

तोशाम। महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में गांव सरल में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर तीज उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में पारंपरिक पकवानों और संस्कृति की झलकियां देने को मिली। रंग-बिरंगी पारंपरिक पोशाक पहनकर पहुंचीं महिलाओं ने पींग का आनंद उठाया। सुपरवाइजर मनोज सांगवान ने कहा कि तीज पर्व से ही त्योहारों का शुभारंभ होता है। मानसून में मनाया जाने वाला हरियाली तीज बारिश, घेवर, झूलों और देवी पार्वती का त्योहार है। इस दौरान गांव की बुजुर्ग महिलाओं के अलावा अनेक महिलाओं ने भाग लिया व झूले झूलकर आनंद उठाया। महिलाओं द्वारा हाथों पर मेहंदी रचाई गई। वहीं गुलगुले, सुहाली बनाकर व्यंजनों का खूब लुत्फ उठाया। इस मौके पर आंगनबाड़ी वर्कर मीना, सुनीता, सविता, निर्मला उपस्थित रहीं।

युवा क्लब जूई ने मनाया तीज महोत्सव
जूई। युवा क्लब जूई की ओर से तीज महोत्सव मनाया गया। युवा क्लब प्रधान व कोच आजाद सिंह रापड़िया ने बेटियों के लिए झूला लगवाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में त्योहारों को लेकर युवाओं की सोच बदल रही है। उन्हें मोबाइल से ही फुरसत नहीं है। जीवन का असली मजा तो सभी को साथ लेकर की जाने वाली मस्ती में है। हरियाली तीज पर गांव की बेटियों के लिए झूला डलवाया गया, ताकि वो अपनी समृद्ध परंपरा से जुड़ सकें। इस अवसर पर पवन सरपंच, रामफल सिंह, आजाद सिंह, नीरज, हर्षवर्धन उपस्थित रहे।

तीज महोत्सव में हुई मेहंदी और पतंग प्रतियोगिता
भिवानी। भानगढ़ स्थित त्रिवेणी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में तीज महोत्सव का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ प्रधानाचार्य आशीष कुमार व उप-प्रधानाचार्या कमलेश रानी ने बच्चों को झूला झूलाकर किया। इस अवसर पर मेहंदी प्रतियोगिता एवं पतंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंत में भागीरथ ने बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस दौरान बबीता, आशा, गजल शर्मा व अन्य अध्यापकगण भी मौजूद रहे।


तीज उत्सव पर चखा देसी पकवानों का स्वाद
भिवानी। कृष्णा कॉलोनी पार्क में महिला मोर्चा ने तीज उत्सव मनाया। इस अवसर पर महिलाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी और महिलाओं ने सामूहिक रूप में अपने हाथों पर मेहंदी सजाई। कृष्णा कॉलोनी में आयोजित तीज महोत्सव कार्यक्रम में हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की चेयरपर्सन प्रवीण जोशी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने देसी पकवान भी कढ़ाई के अंदर बनाए और पकवान का स्वाद चखा। प्रवीण जोशी ने कहा कि हमारी संस्कृति यदि जीवित है तो वह तीज त्योहारों के कारण ही है। इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक शालू अरोड़ा, भाजपा नेत्री बबीता तंवर, रेखा गोड़, चंदा देवी, मंजू कथूरिया, माया देवी, सुमन देवी व राकेश मिश्रा उपस्थित रहे।

किरण चौधरी ने बाल भवन में झूला झूल कर मनाई तीज
भिवानी। जिला बाल कल्याण परिषद बाल भवन में हरियाली तीज महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के तौर पर तोशाम विधायक किरण चौधरी ने शिरकत की। हरियाली तीज महोत्सव में महिलाओं एवं बच्चों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान लड़कियाें व महिलाओं ने हरियाणवी गीतों के साथ झूला झूल कर इस पर्व को मनाया। इसमें जिला भर से लगभग 300 लड़कियों व महिलाओं ने भाग लिया। किरण चौधरी ने सभी को वर्षा के मौसम में एक पेड़ मां के नाम लगा पौधरोपण की शपथ दिलाई। जिला बाल कल्याण अधिकारी ओमप्रकाश ने बताया कि इस दौरान तीन ग्रुप में मेहंदी, रस्सा कस्सी, लंगड़ी दौड़, नींबू चम्मच दौड़ की प्रतियोगिताएं करवाई गई। इस अवसर पर मोहन दास, सुदेश कुमार, प्रदीप कुमार, नरेंद्र कुमार, विजय कुमार, सोनिया, नीतू आदि मौजूद रहे।


करदे रे अम्मा कोथली जाना है बहना के....
बहल। गांव हरियावास आंगनबाड़ी केंद्र में तीज महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गांव की महिलाओं और बच्चों ने खुशी से झूमते हुए त्योहार मनाया। बुधवार को आयोजित कार्यक्रम सुपरवाइजर वंदना की देखरेख में आयोजित किया गया। महिलाओं ने मंगल गीत मीठी तो करदे रे अम्मा कोथली जाना है बहना के, देश पपीहा री बोला पीपली जैसे हरियाणवी गीतों पर झूमते हुए तीज के त्योहार में खुशी के रंग घोल दिए। सुपरवाइजर वंदना ने महिलाओं को बेटियों के लिए चलाई गई हरियाणा सरकार और केंद्र सरकार की योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता चमेली, उर्मिला, सुनीता, प्रेमा, रोशनी, कमला, मोनिका, सुमन, रेखा, छनों, पूनम, बाला, बबलेश, रोशनी मौजूद रहीं।

भिवानी के तीज उत्सव में प्रस्तुति देतीं युवतियां। 

भिवानी के तीज उत्सव में प्रस्तुति देतीं युवतियां। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed