{"_id":"66ede7a3ec09e98064054c4e","slug":"students-blocked-the-bhiwani-hansi-road-bhiwani-news-c-21-hsr1027-468780-2024-09-21","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bhiwani News: बसों के ठहराव को लेकर विद्यार्थियों ने लगाया भिवानी-हांसी मार्ग पर जाम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bhiwani News: बसों के ठहराव को लेकर विद्यार्थियों ने लगाया भिवानी-हांसी मार्ग पर जाम
Sat, 21 Sep 2024 02:52 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
Updated Sat, 21 Sep 2024 02:52 AM IST
विज्ञापन
भिवानी शहर के छाजू राम चौक पर छात्रों ने लगाया जाम।
विज्ञापन
भिवानी। सेक्टर मोड़ पर रोडवेज बसों के ठहराव के लिए शुक्रवार सुबह दस बजे आईटीआई के विद्यार्थियों ने जाम लगा दिया। जाम में डटे विद्यार्थियों को हटाने के लिए पुलिस को लाठी बरसानी पड़ी। इसकी सूचना रोडवेज डिपो महाप्रबंधक को दी गई। करीब डेढ़ घंटे तक जाम पर डटे विद्यार्थियों ने बसों के ठहराव की मांग को लेकर आक्रोश जताया।
सेक्टर मोड़ पर जाम लगने से भिवानी-हांसी मुख्य मार्ग पर वाहनों की भी लंबी कतारें लग गईं। वहीं ट्रैफिक पुलिस ने भी जाम स्थल पर मोर्चा संभाला। मौके पर पहुंचे रोडवेज डिपो महाप्रबंधक ने प्रेमनगर स्थित सीबीएलयू के नए कैंपस और सेक्टर 13 मोड पर सभी रोडवेज बसों के ठहराव का आश्वासन दिया। इसी दौरान रोडवेज डिपो महाप्रबंधक ने सेक्टर मोड़ पर बस नहीं रोकने पर रोडवेज के चालक और परिचालक को भी तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया।
विज्ञापन
भिवानी-हांसी मुख्य मार्ग पर सेक्टर 13 मोड़ पर शुक्रवार सुबह करीब दस बजे भिवानी आईटीआई के सैकड़ों विद्यार्थी सड़क पर उतर आए और मुख्य रास्ते पर ही जाम लगा दिया। जाम में डटे विद्यार्थियों ने पुलिस बैरिकेडिंग के जरिये भिवानी-हांसी मुख्य मार्ग को बंद कर दिया और नारेबाजी शुरू कर दी। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। जाम में डटे विद्यार्थियों ने रोडवेज बसों के ठहराव की मांग की। इसके बाद इसकी सूचना रोडवेज भिवानी डिपो महाप्रबंधक दीपक कुंडू को दी गई। डिपो महाप्रबंधक ने मौके पर पहुंचकर जाम पर डटे विद्यार्थियों को समझाने का प्रयास किया।
विज्ञापन
उन्होंने विद्यार्थियों को आश्वासन दिया कि रोडवेज की सभी बसों का नियमित रूप से ठहराव सुनिश्चित किया जाएगा। वहीं विद्यार्थियों ने रोडवेज महाप्रबंधक को बताया कि आदेशों के बावजूद भी बस चालक यहां बस नहीं रोक रहे हैं। बसों के ठहराव नहीं होने की वजह से विद्यार्थियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विद्यार्थियों को चलती बसों में चढ़ने के दौरान भी चोटिल होने का डर बना रहता है।
खुद जीएम के सामने दौड़ा ले गया बस तो हुए निलंबित
जाम स्थल पर पहुंचे डिपो महाप्रबंधक दीपक कुंडू ने कुछ देर तक वहां खड़े होकर यह देखा कि रोडवेज बसों का यहां ठहराव होता है या नहीं। इसी दौरान हांसी की तरफ से एक रोडवेज की खाली बस आई, जिसके अंदर कुछ चुनिंदा सवारियां ही थीं। चालक उस बस को सेक्टर मोड़ पर बिना रोके ही बस स्टैंड की तरफ दौड़ा ले गया। इस पर डिपो महाप्रबंधक दीपक कुंडू ने उस बस के चालक और परिचालक को ठहराव के आदेश के बावजूद बस नहीं रोकने पर तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया। वहीं विद्यार्थियों को भी यह आश्वासन दिया कि अब से यहां नियमित रूप से बसों का ठहराव सुनिश्चित किया जाएगा।
आईटीआई विद्यार्थियों पर बरसी पुलिस की लाठी
शुक्रवार को सेक्टर 13 मोड़ के समीप भिवानी-हांसी मुख्य मार्ग पर जाम लगा रहे आईटीआई विद्यार्थियों को पुलिस ने लाठी का प्रयोग कर खदेड़ा। पुलिस की ओर से लाठी मारकर खदेड़ते हुए की वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई। इस दौरान पुलिस के जवान आईटीआई विद्यार्थियों को लाठी मारकर उन्हें सड़क जाम स्थल से खदेड़ते हुए दिखाई दिए। वहीं विद्यार्थियों में भी पुलिस की ओर से लाठी बरसाए जाने से अफरा-तफरी मची और विद्यार्थी खुद को बचाने के लिए इधर उधर दौड़ने लगे।
भिवानी-हांसी मुख्य मार्ग पर यूनिवर्सिटी कैंपस के अलावा शिक्षण संस्थान है। ऐसे में रोडवेज के सभी कर्मचारियों को यहां बसों का ठहराव सुनिश्चित करने के आदेश दिए हुए हैं। शुक्रवार को मैंने खुद यहां खड़े होकर चेकिंग की। इस दौरान एक बस चालक ने यहां बस नहीं रोकी तो उस बस के चालक और परिचालक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। विद्यार्थियों के लिए सभी रोडवेज बसों का ठहराव भी निश्चित करने के लिए कर्मचारियों को सख्त आदेश दिए हैं। -दीपक कुंडू, महाप्रबंधक, भिवानी डिपो, हरियाणा राज्य परिवहन विभाग।