Bhiwani: हर 15 मिनट में सेना भर्ती स्थल तक बस सर्विस प्रदान करेगी रोडवेज
युवाओं को भर्ती स्थल तक पहुंचने में किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए स्थानीय प्रशासन ने रोडवेज से पांच बसों की मांग की।
विस्तार
भीम स्टेडियम में 12 से लेकर 25 नवंबर तक अग्निवीर की भर्ती के लिए सेना रैली का आयोजन किया जा रहा है। इस रैली में भिवानी के अलावा चरखी दादरी, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ जिला के युवा भाग लेंगे। जाहिर है जिसके कारण रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड पर युवाओं की भीड़ भारी संख्या में उमड़ेगी।
इन युवाओं को भर्ती स्थल तक पहुंचने में किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए स्थानीय प्रशासन ने रोडवेज से पांच बसों की मांग की। रोडवेज ने प्रशासन की मांग को मानते हुए न सिर्फ पांच बसें बल्कि बस स्टैंड से लेकर भर्ती स्थल व रेलवे स्टेशन से लेकर भर्ती स्थल तक आठ बसें उपलब्ध करवाने की हामी भरी है।
नोडल अधिकारी भरतपाल सिंह ने बताया कि बस स्टैंड से लेकर भर्ती स्थल के लिए चार बसें सर्विस में रहेंगी। इसी प्रकार रेलवे स्टेशन से लेकर भर्ती स्थल तक युवाओं को पहुंचाने के लिए भी चार बसें सेवाएं देंगी। रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड से हर 15 मिनट में भर्ती स्थल तक बसों की सर्विस जारी रहेंगी। इससे किसी भी युवा को भीम स्टेडियम तक पहुंचने के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े। इन बसों की सेवाएं लेने के लिए युवाओं को टिकट लेनी होंगी। सीईटी की तरह बसों की सर्विस फ्री नहीं होगी।
सुबह पांच से लेकर शाम सात बजे तक चलेंगी बसें
रोडवेज नोडल अधिकारी भरतपाल सिंह ने बताया कि बस स्टैंड से भर्ती स्थल तक व रेलवे स्टेशन से भर्ती स्थल तक युवाओं को पहुंचाने के लिए बसों की सेवाएं सुबह पांच बजे से शुरू हो जाएंगी। इसके बाद हर 15 मिनट में भर्ती स्थल के लिए बसों की सेवाएं संचालित रहेंगी। उन्होंने बताया कि भर्ती स्थल के लिए इन स्टैंडों पर से बसों की सेवाएं शाम सात बजे तक जारी रहेंगी।
रोडवेज की आठ बसें युवाओं को भर्ती स्थल तक पहुंचाएंगी। हर 15 मिनट में बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन से भीम स्टेडियम तक बसों की सेवाएं संचालित करने की योजना बनाई गई है। -नेत्रपाल खत्री, रोडवेज महाप्रबंधक, भिवानी।
भर्ती में भाग लेने वाले युवाओं के ठहरने के लिए धर्मशालाओं की सूची जारी
अग्निवीर योजना के तहत 12 से 25 नवंबर तक भीम स्टेडियम में आयोजित होने वाली सेना भर्ती रैली में भाग लेने वाले युवाओं के ठहरने की व्यवस्था के लिए प्रशासन की ओर से आठ धर्मशालाओं की व्यवस्था की गई है। एसडीएम एवं सेना भर्ती के जिला नोडल अधिकारी संदीप अग्रवाल ने बताया कि सेना भर्ती रैली में भाग लेने वाले युवाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए प्रशासन ने सभी आवश्यक प्रबंध किए हैं।
उन्होंने बताया कि उनके रात्रि ठहरने के लिए भी धर्मशालाओं की सूची जारी की गई है। उन्होंने धर्मशालाओं की विस्तृत सूची जारी करते हुए बताया कि भिवानी शहर में राजपूत धर्मशाला, रोहतक गेट 9671271771, भगवती धर्मशाला, रोहतक गेट मंडी के सामने 9034503007, जाट धर्मशाला, बीटीएम रोड 8168689969, भारत भवन धर्मशाला, नागरिक अस्पताल के सामने 9254313231, वैद्यान धर्मशाला, रेलवे स्टेशन के पास 9034603989, सेठ परशुराम धर्मशाला, रेलवे स्टेशन के पास 9896336792, प्रेक्षा विहार, नेकी राम पार्क 9315320378 व राधा स्वामी सत्संग भवन, रोहतक रोड 9215544125 हैं।
उन्होंने कहा कि सेना भर्ती रैली के लिए शेड्यूल जारी किया है। युवाओं से अनुरोध है कि वे इस निर्धारित शेड्यूल के अनुसार ही सेना भर्ती में भाग लेने के लिए आए। 12, 13 व 14 नवंबर को महेंद्रगढ़ जिले के युवाओं का शेड्यूल अग्निवीर जनरल ड्यूटी पद के लिए जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि 12 नवंबर को महेंद्रगढ़ जिले के सतनाली व महेंद्रगढ़ तहसील के युवा अग्निवीर जनरल ड्यूटी पद के लिए भाग लेंगे। इसी प्रकार से 13 नवंबर को नारनौल व अटेली व 14 नवंबर को नागल चौधरी व कनिना तहसील के युवा अग्निवीर जनरल ड्यूटी पद के लिए भाग लेंगे।