सर्वजातीय महापंचायत: टिकैत ने 26 जनवरी को दिल्ली में ट्रैक्टर मार्च का किया एलान, कहा- सरकार की नीयत में खोट
हरियाणा के भिवानी में स्थित कितलाना टोल पर समाज में फैली कुरीतियों को लेकर सर्वजातीय सर्वखाप महापंचायत हुई। इसमें घोषित कार्यक्रम के बाद भी मेघालय के राज्यपाल सत्यपाल मलिक नहीं पहुंचे। वह चरखीदादरी में पहुंचे और कहा कि किसान आंदोलन अभी खत्म नहीं हुआ है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के भिवानी में संयुक्त किसान मोर्चा के नेता राकेश टिकैत ने कहा कि खाप समाज का आइना है और इनका गौरवशाली इतिहास रहा है। किसान आंदोलन के दौरान संयुक्त किसान मोर्चा ने जब जब कहा, खापों ने मजबूती से साथ दिया। उन्होंने कहा कि आंदोलन अभी खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीयत ठीक नहीं है, इसलिए 26 जनवरी को दिल्ली में ट्रैक्टर मार्च निकाला जाएगा।
टिकैत ने कहा कि अभी तो 13 महीने की ट्रेनिंग हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार का ध्यान किसानों की जमीन पर है। इससे सचेत रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सरकार का अगला वार भूमिहीन उन किसानों पर है, जो पशु पालकर दूध बेचकर गुजर बसर करते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की नीयत ठीक नहीं है।
न तो पूरी तरह मुकदमे वापस हुए हैं और न ही एमएसपी पर कोई कमेटी बनी है। उन्होंने कहा कि 15 जनवरी को संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक होगी, जिसमें महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आंदोलन की बदौलत ही जमीन और गांव को बचाया जा सकता है। सरकार हर विभाग का निजीकरण कर बेरोजगारों की फौज खड़ी कर रही है। संयुक्त किसान मोर्चा हर मुद्दे को लेकर गंभीर है और अब पीछे हटने वाले नहीं हैं।
आंदोलन खत्म नहीं, स्थगित हुआ है, ज्यादती हुई तो फिर हो जाएगा शुरू : मलिक
राज्यपाल सत्यपाल मलिक का पहले कितलाना टोल प्लाजा पर रविवार को आयोजित पंचायत में भी भाग लेने का कार्यक्रम था, लेकिन ये रद्द हो गया। कार्यक्रम में न जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि मैं आयोजन में नहीं गया हूं, इसका मतलब ये कतई नहीं है कि मैं महापंचायत की निंदा करता हूं, लेकिन मेरा वहां कार्यक्रम में जाकर खुद को उनसे जोड़ना आज के दिन सही नहीं है। मेघालय के राज्यपाल प्रोफेसर सत्यपाल मलिक का कहना है कि किसान आंदोलन में दर्ज मुकदमों को रद्द करने के साथ सरकार को एमएसपी को कानूनी अमलीजामा पहनाने का काम ईमानदारी से पूरा करना चाहिए। सरकार अगर यह सोच रही है कि आंदोलन खत्म हो चुका है, तो यह गलत है। आंदोलन खत्म नहीं हुआ, बल्कि स्थगित हुआ है। अगर किसानों से ज्यादती हुई तो आंदोलन फिर शुरू हो जाएगा। सत्यपाल मलिक रविवार को बाबा स्वामी दयाल धाम पर आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे।
नशा मुक्त भारत का निर्माण करना होगा : राजेंद्र सिंह
जलपुरुष राजेंद्र सिंह ने कहा कि जातपात का बंधन तोड़कर ही समाज आगे बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि हम सबको एक होकर देश को उन्नति के पथ पर आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं का विशेष स्थान है। इसलिए दहेज प्रथा की कुरीति को रोकना होगा। उन्होंने कहा कि भ्रूण हत्या कलंक है और नशा इंसान का विवेक खत्म कर देता है। इसलिए हमें नशा मुक्त भारत का निर्माण करना होगा।
संयुक्त किसान मोर्चा के नेता युद्धवीर सिंह मलिक ने कहा कि सर्व खाप के सहयोग से किसान आंदोलन की कामयाबी ने लोकतंत्र को बहाल करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि देश के किसान और मजदूरों ने सरकार का अहं तोड़ने का काम किया है। उन्होंने सरकार का हर षड्यंत्र विफल करने के साथ मुंहतोड़ जवाब दिया। उन्होंने कहा कि सरकार बड़ी पूंजीपतियों की पोषक है और उन्हीं के लिए नीतियां बना रही है।
सर्वजातीय सांगवान खाप के प्रधान और चरखी दादरी के विधायक सोमबीर सांगवान ने कहा कि जातपात का जहर समाज में बिखराव कर रहा है। नशे व अपराध ने युवाओं को बेड़ियों में जकड़ लिया है। दहेज प्रथा और भ्रूण हत्या की बुराई को खत्म करने की जरूरत है। प्रेमविवाह पर चिंतन करना चाहिए और माता-पिता की सहमति से शादी पर जोर दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग 152डी के लिए खातीवास के किसानों की जमीन का अधिग्रहण सरकार बिना मुआवजा दिए कर रही है, जो बेहद निंदनीय है। उन्होंने 5 प्रस्ताव महापंचायत में रखे जिसका उपस्थित लोगों ने दोनों हाथ खड़े करके समर्थन किया।
रूस से पहुंचे कृषि वैज्ञानिक ईवान, उनकी पत्नी एना और डॉक्टर राणा ने सांगवान खाप के प्रधान सोमबीर सांगवान का अभिनंदन करते हुए कहा कि जल्द ही चरखी दादरी में जैविक खाद का ऐसा प्लांट लगाएंगे, जिससे किसानों को यूरिया और डीएपी खाद के लिए लाइन में नहीं लगना पड़ेगा।
कितलाना टोल पर करीब 6 घंटे तक चली सर्वजातीय महापंचायत में लोक गायिका प्रियंका चौधरी ने देश भक्ति की रचनाएं पेश कर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। किसान आंदोलन के दौरान हिसार में पुलिस लाठीचार्ज में घायल कुलदीप राणा का अभिनंदन किया गया। सरकार द्वारा हटाए गए 1983 शारीरिक शिक्षकों ने महापंचायत को समर्थन दिया। मंच संचालन सांगवान खाप के सचिव नरसिंह सांगवान डीपीई ने किया। घोषित कार्यक्रम के बावजूद मेघालय के गवर्नर सत्यपाल मलिक किसी कारणवश नहीं पहुंचे। किसान आंदोलन में शहादत देने वाले किसानों को विनम्र श्रद्धांजलि देने के साथ डाडम और वैष्णो देवी हुए दर्दनाक हादसे को लेकर 2 मिनट का मौन रखा गया।
इस अवसर पर खाप पालम 360 के प्रधान सुरेंद्र सोलंकी, अहलावत खाप 84 के प्रधान हरदीप अहलावत, भारतीय किसान यूनियन की नेता सुमन हुड्डा, सरोहा खाप के प्रधान रणधीर सरोहा, नांदल खाप के प्रधान डॉक्टर सुरेश नांदल, गुलिया खाप के प्रधान विनोद गुलिया, सतबीर पहलवान, अशोक खत्री प्रधान, बलवंत फौगाट, बिजेंद्र श्योराण, डिंपी पहलवान, सुदेश गोयत, अमित सांगवान ने भी अपने विचार रखे।