कैलेंडर विवाद: चौधरी बंसीलाल की फोटो नहीं होने पर पोते ने जताई आपत्ति, कुलपति ने नए छापने के दिए निर्देश
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय के कैलेंडरों और प्रचार सामग्री पर भविष्य में भी चौधरी बंसीलाल की फोटो अवश्य होगी।
विस्तार
भिवानी में चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय के वार्षिक कैलेंडर में पूर्व सीएम चौधरी बंसीलाल की फोटो नहीं छपने का विवाद गरमाने के बाद अब शांत हो गया है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजकुमार मित्तल व चौधरी बंसीलाल के पौत्र अनिरुद्ध चौधरी के बीच हुई बातचीत के बाद सारा मामला निपट गया। वीसी ने अब दोबारा से नए कैलेंडर व दूसरी सामग्री छापने का निर्देश विश्वविद्यालय प्रशासन को दिया है।
गौरतलब है कि विश्वविद्यालय के नए वर्ष के कैलेंडर व दूसरी सामग्री में चौधरी बंसीलाल की फोटो नहीं होने से विवाद गरमा गया था। इस मामले में चौधरी बंसीलाल के पौत्र बीसीसीआई के पूर्व कोषाध्यक्ष व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अनिरुद्ध को जब पता चला तो उन्होंने इस मामले कुलपति के सामने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि इस मामले में जनता दुखी है और उनमें आक्रोश है।
हकीकत तो यह है कि पिछले वर्षों से ही इस वार्षिक कैलेंडर से चौधरी बंसीलाल की फोटो गायब है। चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय के कुलपति से जब अनिरुद्ध चौधरी ने इस विषय पर बात की तो उन्होंने आश्वस्त किया कि मौजूदा प्रिंट वाले कैलेंडर अब और वितरित नहीं होंगे और नए कैलेंडर जिन पर चौधरी बंसीलाल जी की फोटो होगी, वे ही वितरित होंगे।
वहीं अनिरुद्ध ने कहा कि जनता की भावनाओं की कद्र करते हुए आगे भी यह सुनिश्चित किया जाए कि कैलेंडर व सभी प्रचार सामग्री पर चौधरी बंसीलाल की फोटो मौजूद हो। इसके अलावा विश्वविद्यालय के प्रमुख स्थान पर चौधरी बंसीलाल की आदमकद प्रतिमा लगाई जाए। इस बारे में एक प्रस्ताव भी दिया गया है, जिसमें कहा गया है कि चौधरी बंसीलाल मेमोरियल ट्रस्ट ने हर साल इस विश्वविद्यालय में सबसे होनहार विद्यार्थी के लिए चौधरी बंसीलाल के नाम पर पुरस्कार स्थापित कर रखा है, उसी तर्ज पर ट्रस्ट ही चौधरी बंसीलाल की प्रतिमा लगाने के लिए तैयार है। इसकी विधिवत औपचारिक प्रतिक्रियाएं कुलपति जल्द पूरी करें। अनुमति और प्रतिक्रियाएं अगर वे जल्दी पूरी कर देंगे तो लोगों के समक्ष प्रशासन की नीयत को ले कर कोई गलतफहमी नहीं रहेगी।
हमने नहीं हटाई फोटो, पहले से ही नहीं थी
पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी बंसीलाल हम सबके लिए आदरणीय हैं। विश्वविद्यालय उनके आदर्शों का पूर्णतया पालन करता है। उनकी फोटो हटाई नहीं गई, पहले कैलेंडर पर कभी उनकी फोटो नहीं छपी थी। अब मांग उठी है, विश्वविद्यालय के नए वार्षिक कलेंडर पर उनकी फोटो छपेगी। - प्रो. राजकुमार मित्तल, कुलपति, चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय, भिवानी।

कांग्रेस और प्रेम नगर के लोगों ने विश्वविद्यालय में किया प्रदर्शन
चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय के वार्षिक कैलेंडर में पूर्व सीएम चौधरी बंसीलाल की फोटो नहीं होने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और गांव प्रेम नगर के लोगों प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री व कुलपति का पुतला फूंका। इस दौरान रजिस्ट्रार को ज्ञापन सौंपकर पूर्व सीएम चौधरी बंसीलाल के फोटो के साथ नया कैलेंडर जारी करने की मांग की। पूर्व कैबिनेट मंत्री किरण चौधरी ने ट्वीट कर अपना विरोध जताते हुए कहा कि हिसार में कृषि विश्वविद्यालय के कैलेंडर से किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह की और सीबीएलयू के कैलेंडर से हरियाणा निर्माता चौधरी बंसीलाल की फोटो हटाने से सरकार की ओछी मानसिकता सामने आई है।
कुलपति कार्यालय के बाहर किया विरोध प्रदर्शन, फूंका पुतला
चौ. बंसीलाल यूनिवर्सिटी के वार्षिक कैलेंडर 2022 में चौ. बंसीलाल की फोटो और गांव प्रेमनगर का नाम भी नहीं अंकित होने पर लोगों ने बुधवार को कुलपति कार्यालय पर प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन में उपस्थित प्रेमनगर के लोगों ने बताया कि इस दौरान सरकार का पुतला भी फूंका।
विश्वविद्यालय का वार्षिक कैलेंडर जारी किया गया, जिसमें चौधरी बंसीलाल की फोटो गायब है। जो की विश्वविद्यालय निंदनीय कृत्य है। चौ बंसीलाल का योगदान हरियाणा के विकास में अहम है। यहां तक कि विश्वविद्यालय का नाम उनके नाम पर है। अत: चौधरी बंसीलाल की फोटो कैलेंडर पर होना जरूरी है। मौजूदा सरकार के विश्वविद्यालयों की कैलेंडर पर से हरियाणा के लोक नेताओं की फोटो हटाना गलत है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय से चौधरी चरण सिंह की फोटो हटा दी गई। बंसीलाल विश्वविद्यालय के कैलेंडर में की गई गलती को जल्द से जल्द सुधारा जाए। हालांकि इस मामले में कुलपति प्रो. राजकुमार मित्तल ने कैलेंडर फिर से छापने के निर्देश दिए हैं, जिन पर चौधरी बंसीलाल की फोटो होगी।
विरोध प्रदर्शन करते हुए किसान नेता रवि आजाद, प्रेमनगर से संदीप मल्हाण, धरना कमेटी के प्रधान कैप्टन कलम सिंह, राजेश बूरा, प्रवीण बूरा, सोमबीर, दीपेश सारसर, संकेत झुल्ली, ईश्वर दहिया, गौरव बूरा, प्रवीन कालीरावण, अजय पायल, अजीत, आदित्य पंघाल ने वीसी कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। उसके बाद रजिस्ट्रार व यूनिवर्सिटी के अन्य प्रशासनिक अधिकारी वार्ता के लिए आए और बातचीत कर दोनों मुद्दों को हल करने की सहमति जताई। इसके बाद विरोध प्रदर्शन कर रहे सदस्यों ने कहा कि सात दिनों के अंदर-अंदर दोनों मांगें पूरी की जाएं अन्यथा वे प्रेमनगर में स्थित सीबीएलयू परिसर को बंद कर देंगे।