भिवानी। कस्बा बवानीखेड़ा क्षेत्र के गांव कुंगड़ में पैसों के लेन-देन को लेकर एक दुकानदार पर शनिवार देर शाम को पांच युवकों ने गोली चला दी। गोली चलाने की इस घटना के बाद ग्रामीणों ने एक आरोपी को काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि चार आरोपी मौके से भाग निकले। वहीं गोली लगने से घायल दुकानदार को नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
गांव कुंगड़ में शनिवार देर शाम करीब साढ़े आठ बजे दुकानदार 40 वर्षीय कृष्ण पर आरोपी मंजीत, सचिन, विकास, अनिल व सुकेंद्र ने गोली चला दी। आरोपी दो बाइकों पर बैठकर आए थे। उन्होंने कृष्ण पर दो फायर किए। जिसमें एक फायर कृष्ण के लेफ्ट साइड कान व गर्दन को छूकर निकल गया। गंभीर हालत में कृष्ण को पहले बवानीखेड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे भिवानी नागरिक अस्पताल रेफर किया गया। वहीं जांच अधिकारी रोहताश पूनिया मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि दुकानदार कृष्ण से पैसों के लेन-देन पर पहले भी आरोपी युवकों से कहासुनी हो चुकी थी। शनिवार देर शाम पांचों ने मिलकर कृष्ण पर जानलेवा हमला कर दिया। फिलहाल जांच अधिकारी रोहताश पूनिया ने बताया कि पुलिस को गोली चलने की सूचना मिली थी। जिस पर टीम मौके पर पहुंची है। पुलिस घायल के बयान दर्ज किए जाने के बाद इस संबंध में आगामी कार्रवाई करेगी।