{"_id":"8b2a8d5b998d9e031b5c990243dd13b1","slug":"fired-two-shots-at-the-heart-of-the-city-center-property-dealer-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"शहर के बीचो-बीच प्रॉपर्टी डीलर पर चलाई दो गोली","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
शहर के बीचो-बीच प्रॉपर्टी डीलर पर चलाई दो गोली
ब्यूरो/ अमर उजाला, भिवानी
Updated Sat, 11 Oct 2014 12:34 AM IST
विज्ञापन
शहर के विजय नगर इलाके में रात करीब साढे़ आठ बजे प्रॉपर्टी डीलर को टारगेट कर दो गोली चलाई गई। गनीमत रही कि निशाना चूक गया और दोनों गोलियां प्रॉपर्टी डीलर की कार पर लगी। बाद में प्रॉपर्टी डीलर ने कार्यालय में भागकर अपनी जान बचाई। सूचना पर शहर थाना पुलिस और सीआईए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
मामला रेस्ट हाउस से बीटीएम चौक की ओर जाने वाले मार्ग पर विजय नगर क्षेत्र का है। यहां सड़क किनारे लगती दुकान के ऊपर ही प्रॉपर्टी डीलर का कार्यालय है। कार्यालय जाने का रास्ता साथ लगती गली से है। करीब साढे़ आठ बजे प्रॉपर्टी डीलर गुजरानी वासी सुनील अपने कार्यालय से निकला और उसने जैसे ही अपनी कार का दरवाजा खोला सामने से किसी ने गोली चलाई।
विज्ञापन
सुनील के चाचा रामफल ने बताया कि एक गोली कार के बोनट पर लगी और दूसरी सामने वाले शीशे पर। जान को खतरा देख सुनील वापस सीढ़ियों से कार्यालय की ओर भागा। भागते वक्त देखा तो मुंह पर कपड़ा बांधे एक युवक गोली चलाकर विजय नगर की ओर भाग रहा था। गली में अंधेरा होने के कारण ज्यादा वह नहीं देख पाया। इसकी तुरंत सूचना पुलिस को दी गई। बाद में सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन
पुरानी रंजिश हो सकती है कारण
सुनील व उसके चाचा रामफल ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। सुनील ने बताया कि उसके मामा राधेश्याम गुर्जर की 10 अगस्त को हिसार में हत्या कर दी गई थी। उसने पैरवी करते आईजी, एसपी से मामला दर्ज करने के लिए चक्कर लगाए थे। वह उस केस में गवाह भी है। हमें लगता है कि उसी केस के चलते उस पर यह हमला किया गया है।
भूख लगी तो पहले चले गए भाई और चाचा
गुजरानी वासी प्रॉपर्टी डीलर सुनील अपने भाई कुलदीप और चाचा रामफल के साथ प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है। रामफल ने बताया कि सुनील और कुलदीप अक्सर एक साथ ही घर जाते है। शुक्रवार को करीब आठ बजे कुलदीप कहने लगा कि उसे भूख लगी है। जिस कारण वह और कुलदीप करीब आठ बजे घर चले गए। घर पहुंचकर खाने के लिए बैठे ही थे कि सुनील का फोन आ गया। रामफल का कहना है अगर वह जल्दी नहीं जाते तो गोली किसी को भी लग सकती थी।
एक घंटे बाद पहुंची पुलिस
घटना करीब साढे़ आठ बजे की है मगर पुलिस पहुंची करीब साढे़ नौ बजे। यह कहना है प्रॉपर्टी डीलर रामफल का। उन्होंने बताया कि एक घंटे में तो कुछ भी हो सकता है और इलेक्शन के समय इतनी लापरवाही।