तोशाम (भिवानी)। कांग्रेस विधायक किरण चौधरी ने कहा कि सरकारों का काम लोगों को सहूलियत देने का होता है। उन्होंने कहा कि भाजपा की पहली ऐसी सरकार है जो आम जनता को लूटकर मुनाफा कमा रही है। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस में महंगाई करके जनता की जेब पर सरकार द्वारा डाका डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि अन्नदाता सरकार के जुल्मों का मुंहतोड़ जवाब देंगे।
किरण बुधवार को तोशाम हलके के गांव ढाणी मिरान, मिरान, सिढाण, भैरा, जैनावास, देवावास, ईशरवाल, बुसान, बहालेवाल, हसान, रोढा, कतवार, ढाणी कतवार, संडवा आदि में सभाओं को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार से प्रदेश का किसान, गरीब मजदूर, व्यापारी, कर्मचारी वर्ग बुरी तरह त्रस्त है। उन्होंने फसलों की विशेष गिरदावरी करवाकर नुकसान की भरपाई की मांग की। उन्होंने कहा कि खासतौर पर कपास की फसल में बीमारी आ गई है और फसल काली पड़ने लगी है। उन्होंने यह भी कहा कि बाजरा, मूंग, ग्वार की फसल पर भी मौसम की मार पड़ी है। उन्होंने कहा कि तोशाम क्षेत्र के एक दर्जन गांवों में 50 प्रतिशत से ज्यादा फसल खराब हो गई है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर किसानों को प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों पर अत्याचार करने वाले अधिकारी को सरकार बचाने में जुटी है। इस मौके पर एडवोकेट हरिसिंह सांगवान, वजीर डाडम, सज्जन संडवा, जेपी हसान, सत्यवान तक्षक, महेंद्र नंबरदार, अमित पिलानियां उपस्थित थे।